आयोजन स्थल डेली कॉलेज को लेकर आरएसएस प्रमुख डॉ.मोहन भागवत को पत्र लिखेंगे दिग्विजय सिंह

आयोजन स्थल डेली कॉलेज को लेकर आरएसएस प्रमुख डॉ.मोहन भागवत को पत्र लिखेंगे दिग्विजय सिंह

इन्दौर। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह ने कहा कि इन्दौर के प्रतिष्ठित डेली कालेज में राजनीतिक आयोजन को लेकर वह राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ प्रमुख डॉ० मोहन भागवत को पत्र लिखकर आयोजन स्थल बदलने का आग्रह करने जा रहे हैं।

श्री सिंह स्टेट प्रेस क्लब, म०प्र० के ‘रूबरू’ कार्यक्रम में मीडियाकर्मियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि संघ के विभिन्न कार्यक्रमों व बैठकों के लिये डेली कालेज के उपयोग की अनुमति देना बेहद आपत्तिजनक है।
कल उन्होंने इस संदर्भ में डेली कालेज के चेयरमैन विक्रम पंवार से मिलकर अपनी आपत्ति दर्ज करवाई है जिसपर उन्होंने आश्वस्त किया है कि भविष्य में डेली कालेज में किसी राजनैतिक दल को उपयोग की अनुमति नहीं दी जायेगी। हांलाकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि सहयोगी संगठनों को भी परिसर दिया जायेगा या नहीं।

पूर्व मुख्यमंत्री जो कि डेली कालेज के पूर्व छात्र रह चुके हैं ने कहा कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी डेली कालेज से जुड़े हैं उन्हें भी संघ के इस आयोजन पर आपत्ति लेना चाहिये थी। उन्होंने तंज कसा कि यह आयोजन सिंधिया स्कूल ग्वालियर में क्यों नहीं करवाया गया ? उन्होंने बताया कि 10 साल मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने डेली कॉलेज में कभी भी राजनीतिक आयोजन नहीं करवाया।

पूर्व मुख्यमंत्री श्री सिंह ने कहा कि डेली कॉलेज में खेलकूद गतिविधियों के लिये हॉकी का एस्टोटर्फ और क्रिकेट के लिये अंतरराष्ट्रीयस्तर का मैदान तैयार किया गया है। संघ यहाँ एक लाख स्वयं सेवकों का एकत्रिकरण कर रहा है और फिर कई दिनों तक संघ के देशभर के पदाधिकारी यहां रहेंगे। यह पहली बार हो रहा है जब डेली कालेज के स्टूडेंट्स को जबरिया अवकाश दिया गया है।

श्री सिंह ने डेली कालेज की प्रिंसिपल मेडम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि डेली कालेज के साथ वे राजपूरा, पंजाब के एक स्कूल का भी संचालन करती है। यह भी नैतिक रूप से आपत्तिजनक है। समय आने पर प्रिंसिपल के कार्यशैली की भी जांच करवाई जायेगी।
पूर्व मुख्यमंत्री ने बताया कि इन तमाम मुद्दों को लेकर वह डॉ.भागवत को पत्र लिखकर संघ बैठक का आयोजन स्थल बदलने का अनुरोध करेंगे।

0 views