भगत सिंह की जयंती पर पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने किया नमन*
महान क्रांतिकारी और अमर बलिदानी भगत सिंह की जयंती पर रविवार को देशभर में उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला समेत कई केंद्रीय मंत्रियों और नेताओं ने भगत सिंह के साहस, विचारों और बलिदान को याद किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर भगत सिंह को नमन करते हुए कहा कि उनके अदम्य साहस और शौर्य ने आजादी के आंदोलन को नई धार दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के सम्मान के लिए सर्वस्व न्योछावर करने का भगत सिंह का जज्बा देश के युवाओं के साहस और हौसले का प्रतीक है। एक वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री ने भगत सिंह को युवाओं के लिए प्रेरणापुंज बताया। उन्होंने कहा कि निर्भीकता उनके स्वभाव में थी और देश के लिए फांसी के फंदे पर झूलने से पहले भी उन्होंने अंग्रेजों को पत्र लिखकर अपने साथियों के साथ युद्धबंदी जैसा व्यवहार करने और फांसी के बजाय गोली से मारने की मांग की थी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी भगत सिंह को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि भगत सिंह क्रांति, विचार और राष्ट्रप्रेम के अमर प्रतीक हैं। उनका संघर्ष केवल विदेशी शासन से मुक्ति तक सीमित नहीं था, बल्कि वे शोषण, असमानता और अन्याय से मुक्त भारत का सपना देखते थे। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, धर्मेंद्र प्रधान, भाजपा सांसद संजय सेठ, संबित पात्रा और रमेश बिधूड़ी समेत अन्य नेताओं ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से शहीद भगत सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बलिदान को याद किया।






