जंतर-मंतर प्रदर्शन पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, 5 सदस्यीय कमेटी करेगी बल प्रयोग की जांच*
सुप्रीम कोर्ट ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस और अर्धसैनिक बलों के कथित अत्यधिक बल प्रयोग की जांच के लिए पांच सदस्यीय हाई-पावर्ड इंक्वायरी कमेटी गठित की है। सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस आर. सुभाष रेड्डी समिति के अध्यक्ष होंगे। समिति में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश रवि शंकर झा, दिल्ली हाईकोर्ट की पूर्व न्यायाधीश जस्टिस शालिंदर कौर, पूर्व सीबीआई निदेशक ऋषि कुमार शुक्ला और मेघालय के सेवानिवृत्त डीजीपी डॉ. एलआर बिश्नोई शामिल हैं। कमेटी पैलेट गन, इलेक्ट्रिक बैटन, लाठीचार्ज और आंसू गैस के कथित अत्यधिक इस्तेमाल, महिला प्रदर्शनकारियों के साथ हिंसा, पुलिस निगरानी और भीड़ नियंत्रण के तरीकों की जांच करेगी। घायलों को मेडिकल सहायता और मुआवजे के साथ पुलिसकर्मियों पर हिंसा तथा सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप भी जांच के दायरे में होंगे।






