दस कदम, दस का दम’ के जरिए भाजपा ने गिनाईं पीएम मोदी की विदेश यात्राओं की उपलब्धियां*
भाजपा सांसद संबित पात्रा ने रविवार को प्रेस वार्ता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया विदेश यात्राओं को भारत की कूटनीतिक और रणनीतिक मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और सेशेल्स के दौरों से हिंद महासागर और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में भारत की भूमिका और प्रभाव मजबूत हुआ है। संबित पात्रा ने ‘दस कदम, दस का दम’ शीर्षक के तहत विदेश यात्राओं की प्रमुख उपलब्धियां गिनाईं। उनके अनुसार रक्षा और समुद्री सुरक्षा, क्रिटिकल मिनरल्स, ऊर्जा सुरक्षा, व्यापार और निवेश, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा, खेल और सांस्कृतिक सहयोग जैसे क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण समझौते और साझेदारियां हुई हैं। उन्होंने कहा कि इन पहलों से भारत की दीर्घकालिक रणनीतिक और आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि विभिन्न देशों में प्रधानमंत्री मोदी को मिला सम्मान भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का प्रतीक है। प्रेस वार्ता के दौरान संबित पात्रा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए उनके अंडमान-निकोबार दौरे के दौरान दिए गए बयानों की आलोचना की। साथ ही उन्होंने सबांग बंदरगाह परियोजना को भारत के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे क्षेत्रीय सहयोग, निवेश और समुद्री सुरक्षा को नया बल मिलेगा।






