मंदिर शिखर पर चमत्कारी वज्रपात

मंदिर शिखर पर चमत्कारी वज्रपात

महिदपुर। घोंसला रोड स्थित श्री सुमतिनाथ जिन मंदिर एवं दादावाड़ी में सोमवार रात्रि लगभग 11 बजे एक अद्भुत एवं श्रद्धा को दृढ़ करने वाली घटना घटित हुई। मंदिर के शिखर पर आकाशीय बिजली गिरने से शिखर का पिछला भाग क्षतिग्रस्त हो गया, किंतु आश्चर्यजनक रूप से शिखर पर विराजमान स्वर्ण कलश एवं ध्वजदंड पूर्णतः सुरक्षित रहे।

बिजली के प्रहार से शिखर के बड़े-बड़े पत्थर टूटकर नीचे गिर गए और आसपास बिखर गए, लेकिन जहां बिजली गिरी उसी स्थान पर स्वर्ण कलश और ध्वज को कोई क्षति नहीं पहुंची। यह दृश्य देखकर जैन समाज के श्रद्धालु इसे दादागुरुदेव की असीम कृपा और जैन धर्म की महिमा का प्रत्यक्ष उदाहरण मान रहे हैं।

श्रद्धालुओं ने बताया कि दादावाड़ी में विराजित प्रथम दादागुरुदेव श्री जिनदत्त सूरीश्वरजी महाराज की महिमा अनंत है। जैन इतिहास में वर्णित है कि अजमेर में पर्यूषण पर्व के दौरान दादागुरुदेव ने कड़कती हुई बिजली को अपने पात्र में शांत कर भक्तों की रक्षा की थी। समाजजनों का विश्वास है कि उसी कृपा का प्रभाव आज भी दादावाड़ी में विद्यमान है।

घटना के समय मंदिर परिसर में कोई उपस्थित नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। इस घटना के बाद महिदपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालु इसे दादागुरुदेव की कृपा का चमत्कारी प्रसंग मानकर श्रद्धाभाव व्यक्त कर रहे हैं।

201 views