पीएम मोदी ने इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2026 का किया उद्घाटन, बोले- सुशासन का टूल बना मोबाइल

पीएम मोदी ने इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2026 का किया उद्घाटन, बोले- सुशासन का टूल बना मोबाइल*
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को यशोभूमि में इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2026 के 10वें संस्करण का उद्घाटन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मोबाइल और इंटरनेट कनेक्टिविटी ने शिक्षा, स्वास्थ्य और डिजिटल भुगतान जैसी सुविधाओं को सुदूर गांवों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। आज गरीब परिवारों के बच्चे भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तक पहुंच बना पा रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 10-12 वर्षों में मोबाइल संचार केवल संपर्क का माध्यम नहीं रहा, बल्कि सुशासन का महत्वपूर्ण साधन बन गया है। सरकार ने मोबाइल फोन और डिजिटल बुनियादी ढांचे के विस्तार के साथ देश में दूरसंचार उपकरणों के निर्माण को बढ़ावा दिया। उन्होंने कहा कि इसी प्रयास से मोबाइल और डाटा आम लोगों के लिए अधिक किफायती हुए हैं। उन्होंने कहा कि इंडिया मोबाइल कांग्रेस के 10 साल पूरे होना महत्वपूर्ण उपलब्धि है। 2022 में इसी मंच से देश में 5जी की शुरुआत की गई थी। इस बार आयोजन की थीम ‘स्केल विदाउट बाउंड्रीज’ रखी गई है। कार्यक्रम में 5जी-6जी, एआई नेटवर्क, सेमीकंडक्टर, सैटेलाइट नेटवर्क, साइबर सुरक्षा और क्वांटम कम्युनिकेशन जैसी तकनीकों पर चर्चा होगी। आयोजन में 100 से अधिक देशों से 1.5 लाख से ज्यादा प्रतिभागियों के पहुंचने की उम्मीद है। 500 से ज्यादा साझेदार और प्रदर्शक, 600 से अधिक स्टार्टअप और 900 से ज्यादा विशेषज्ञ हिस्सा ले रहे हैं। प्रधानमंत्री ने डिजिटल धोखाधड़ी से निपटने के लिए तकनीक आधारित समाधान और लोगों को जागरूक करने की जरूरत पर भी जोर दिया। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि भारत अब सेवाओं के साथ तकनीकी उत्पादों के निर्माण की दिशा में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।

536 views