*वाटर हार्वेस्टिंग बना जनआंदोलन, इंदौर में दिखने लगा बदलाव*
*10% टैक्स छूट का असर, हर ओर बढ़ रहे वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम*
इंदौर। शहर में वर्षा जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में नगर निगम का प्रयास अब सकारात्मक परिणाम देने लगा है। अपने घर, भवन, कार्यालय अथवा व्यावसायिक परिसर में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित करने वाले संपत्ति स्वामियों को नगर निगम द्वारा संपत्ति कर में 10 प्रतिशत की छूट प्रदान की जा रही है। नगर निगम की यह पहल शहर में भूजल संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और मील का पत्थर साबित हो रही है।
इसी क्रम में महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने नगर निगम के जोनल अधिकारियों ,पार्षद पंखुड़ी डोसी के साथ रीगल चौराहा एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न आवासीय भवनों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और कार्यालय परिसरों में स्थापित वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम का अवलोकन किया तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने वाले भवन स्वामियों का इंदौर के जागरूक नागरिक होने पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि वे अपने अनुभव साझा कर अन्य लोगों को भी वर्षा जल संचयन के लिए प्रेरित करें, ताकि अधिक से अधिक भवनों में यह व्यवस्था स्थापित हो सके।
उल्लेखनीय है कि गत ग्रीष्मकाल में भूजल स्तर में गिरावट के कारण शहर के कई क्षेत्रों में बोरवेल सूख गए थे, जिससे पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न हुई थी। इसी चुनौती को देखते हुए नगर निगम ने शहरवासियों के साथ मिलकर प्रत्येक भवन में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित करने का संकल्प लिया था। अब इस अभियान का प्रभाव धरातल पर स्पष्ट दिखाई देने लगा है और शहर में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। नगर निगम को उम्मीद है कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से भविष्य में भूजल संरक्षण को और अधिक मजबूती मिलेगी।
1876 views





