पश्चिम एशिया तनाव का असर रियल एस्टेट पर, घरों की बिक्री में 6% की गिरावट*
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर अब देश के रियल एस्टेट बाजार पर भी दिखाई देने लगा है। निर्माण सामग्री की आपूर्ति प्रभावित होने और परियोजनाओं पर बढ़ते दबाव के कारण देश के सात प्रमुख महानगरों में आवासीय संपत्तियों की बिक्री में गिरावट दर्ज की गई है। रियल एस्टेट सलाहकार कंपनी एनारॉक की रिपोर्ट के अनुसार, अप्रैल-जून 2026 तिमाही में सात प्रमुख शहरों में कुल 90,715 आवासीय इकाइयों की बिक्री हुई, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह आंकड़ा 96,285 इकाइयों का था। इस तरह सालाना आधार पर घरों की बिक्री में करीब 6 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। रिपोर्ट के मुताबिक, वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव का असर निर्माण सामग्री की उपलब्धता और लागत पर पड़ रहा है, जिससे रियल एस्टेट परियोजनाओं और बाजार की मांग दोनों प्रभावित हो रहे हैं।






