इमरजेंसी कॉल के 20 मिनट में पहुंचेगी एंबुलेंस, देश में लागू होंगे एक समान राष्ट्रीय मानक*
देश में पहली बार एंबुलेंस सेवाओं के लिए एक समान राष्ट्रीय मानक लागू किए जाएंगे। केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय एंबुलेंस सेवा ऑपरेशनल (एनएएस) गाइडलाइन जारी की है, जिसके तहत इमरजेंसी कॉल मिलने के बाद एंबुलेंस को औसतन 20 मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंचना होगा। वहीं, कॉल सेंटर को तीन मिनट के अंदर एंबुलेंस रवाना करनी होगी। नई गाइडलाइन के अनुसार तय मानकों का पालन नहीं करने पर संबंधित एजेंसियों पर जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही प्रत्येक एंबुलेंस में प्रशिक्षित इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (ईएमटी) और चालक की उपलब्धता अनिवार्य होगी। गाइडलाइन में यह भी प्रावधान किया गया है कि कॉल सेंटर में डॉक्टरों की तैनाती होगी, जो आपात स्थिति में फोन पर ही ईएमटी को मरीज की हालत के अनुसार उपचार संबंधी आवश्यक सलाह देंगे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने सोमवार को 16वीं केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण परिषद की बैठक में इन दिशा-निर्देशों को जारी किया। सरकार का उद्देश्य देशभर में एंबुलेंस सेवाओं की गुणवत्ता, जवाबदेही और मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।






