*राजबाड़ा के पास अटाला बाजार अतिक्रमण मुहिम पर विवाद: निगम रिमूवल दल पर व्यापारियों के गंभीर आरोप*
इंदौर। अटाला बाजार में नगर निगम द्वारा चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान विवाद की स्थिति बन गई। स्थानीय व्यापारियों और फुटपाथ विक्रेताओं ने नगर निगम के रिमूवल दल पर गंभीर आरोप लगाए।
व्यापारियों का आरोप है कि निगम की “पीली गैंग” कथित रूप से पैसे भी लेती है और उसके बाद भी कार्रवाई करती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस प्रकार की कार्यप्रणाली जारी रही तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और वे आंदोलन का रास्ता अपनाने पर मजबूर होंगे।
वहीं कुछ फुटपाथ विक्रेताओं और व्यापारियों ने आरोप लगाया कि रिमूवल दल के एक सुपरवाइजर ने कार्रवाई के दौरान उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और गाली-गलौज करते हुए उनका सामान जब्त कर लिया। इससे मौके पर तनाव का माहौल बन गया।
व्यापारियों ने मांग की है कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि किसी कर्मचारी द्वारा अभद्र व्यवहार या अनियमितता हुई है तो उसके विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कानून के दायरे में, पारदर्शिता और सम्मानजनक व्यवहार के साथ होनी चाहिए।
नगर निगम का पक्ष अभी तक इस मामले में आधिकारिक रूप से सामने नहीं आया है। निगम का पक्ष आने के बाद ही आरोपों की पुष्टि या खंडन हो सकेगा।






