पालाखेड़ी के किसानों की समस्या खुद सुनेगें गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष

पालाखेड़ी के किसानों की समस्या खुद सुनेगें गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष

सिंहस्थ में हर प्रकार की सेवा के लिए मंडल तैयार है : ओम जैन

इंदौर। म.प्र. गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष श्री ओम जैन ने कहा कि इंदौर के सुपर कोरिडोर स्थित पालाखेड़ी क्षेत्र के किसानों की जमीन संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए वे जल्द ही शिविर का आयोजन करेंगे।

स्टेट प्रेस क्लब, म.प्र. के “रूबरू” कार्यक्रम में मीडियाकर्मियों से चर्चा करते हुए श्री जैन ने बताया कि पालाखेड़ी इलाके में गृह निर्माण मंडल ने किसानों की जमीन अधिग्रहित की थी। उनके संज्ञान में आया है कि करीब 375 एकड़ की आवासीय योजना के मुआवजों को लेकर किसान असंतुष्ट हैं। किसानों का कहना है कि सुपर कोरिडोर निर्माण के लिए स्कीम नं. 151 और 169 बी में वे पहले ही अपनी जमीने दे चुके हैं। फिर जमीन देने से उनकी आजीविका छिन जायेगी। इस मामले में कुछ किसान उच्च न्यायलय भी गए हैं। श्री जैन ने कहा कि वे इस संदर्भ में अतिशीघ्र एक शिविर के माध्यम से समस्याओं को निराकृत करने की कोशिश करेंगे।

अध्यक्ष श्री जैन ने बताया कि शिविर के दौरान नामांतरण, लीज नवीनीकरण, रजिस्ट्री, फ्रीहोल्ड, अनापत्ति प्रमाण-पत्र सहित विभिन्न विषयों से संबंधित शिकायतों एवं आवेदनों पर सुनवाई की गई। प्राप्त 105 आवेदनों का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया तथा 5 हितग्राहियों को नामांतरण एवं फ्रीहोल्ड प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए। शिविर में प्राप्त मांग आधारित तथा नियमों एवं प्रक्रियाओं में सुधार से संबंधित मामलों के निराकरण के लिए मुख्यालय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से उन संपत्तियों के फ्रीहोल्ड संबंधी मामलों पर चर्चा हुई, जिनका नाम राजस्व अभिलेखों में मंडल के नाम दर्ज नहीं है। अध्यक्ष ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए राजस्व विभाग से समन्वय कर संबंधित कॉलोनियों की भूमि का नामांतरण मंडल के नाम कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

श्री जैन ने बताया कि गृह निर्माण मंडल के इंदौर में 35 हजार और भोपाल में 30 हजार हितग्राही हैं। उन्होंने बताया कि लीज रीनुवल फ्री होल्ड करने संबंधी समस्या निरकरण के लिए गृह निर्माण मंडल के मकानों की शासकीय भूमि को मंडल के नाम पर दर्ज करवाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

श्री जैन ने बताया कि मंडल का वार्षिक टर्न ओवर करीब 1200 करोड़ रुपयों का है जिसमें से 200 करोड़ स्थापना पर खर्च होते हैं। उनकी कोशिश रहेगी कि मंडल की आय में बढ़ोतरी हो। उन्होंने यह भी बताया कि मंडल प्रदेश में लैंडपुलिंग के लिए तैयार है। उनका प्रयास है कि मंडल के पूर्व से संचालित कार्यों को गति मिले इसलिए वे संपूर्ण प्रदेश में दौरा कर रहे हैं।

एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि गृह निर्माण मंडल उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ महाकुम्भ में हर संभव सहयोग के लिए कटिबद्ध हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आदेश पर हम निर्माण कार्य, संत सेवा, स्वच्छता अभियान सभी कार्य करने के लिए तत्पर हैं।

प्रारंभ में अध्यक्ष श्री जैन का स्वागत प्रवीण खारीवाल, घनश्याम पटेल, कमल कस्तूरी, गणेश एस चौधरी, पंकज क्षीरसागर, दीपक माहेश्वरी, संजय मेहता ने किया। आभार सुनील जैन ने व्यक्त किया। इस अवसर पर श्री जैन को प्रतीक चिन्ह एवं स्मारिका भी भेंट की गयी।

871 views