भारत में 5 अरब डॉलर का निवेश करेगा यूएई, रक्षा-ऊर्जा और गैस सप्लाई पर हुए अहम समझौते*
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी पांच देशों की विदेश यात्रा के पहले चरण में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) पहुंच गए हैं। इस यात्रा का उद्देश्य भारत-यूएई के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना है। दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की और ऊर्जा, रक्षा, निवेश तथा इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। इस दौरान दोनों देशों के बीच कई महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (MoU) का आदान-प्रदान भी हुआ। यूएई ने भारत में करीब 5 अरब डॉलर के निवेश की घोषणा की है, जिससे इंफ्रास्ट्रक्चर और बैंकिंग क्षेत्र को मजबूती मिलेगी। इसके अलावा रक्षा साझेदारी, पेट्रोलियम भंडारण और एलपीजी आपूर्ति को लेकर भी समझौते हुए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत हर परिस्थिति में यूएई के साथ खड़ा है और क्षेत्र में शांति व स्थिरता के लिए प्रतिबद्ध है। यह दौरा भारत के नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली की यात्रा का पहला चरण है।






