सोमनाथ में पीएम मोदी का रोड शो, सरदार पटेल को दी श्रद्धांजलि; अमृत महोत्सव में होंगे शामिल

सोमनाथ में पीएम मोदी का रोड शो, सरदार पटेल को दी श्रद्धांजलि; अमृत महोत्सव में होंगे शामिल*
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को गुजरात के गिर सोमनाथ पहुंचे, जहां उन्होंने सोमनाथ अमृत महोत्सव से पहले भव्य रोड शो किया। इस दौरान पूरे मार्ग पर भारी संख्या में समर्थक मौजूद रहे और “जय सोमनाथ” के जयघोष से माहौल भक्तिमय हो गया। सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए थे। इससे पहले प्रधानमंत्री ने प्रभास पाटन स्थित पवित्र सोमनाथ मंदिर में भगवान सोमनाथ महादेव की पूजा-अर्चना की और सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। वे सोमनाथ अमृत महोत्सव में भी शामिल होंगे, जो मंदिर के पुनर्निर्माण की 75वीं वर्षगांठ के रूप में मनाया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री विशेष महापूजा, कुंभाभिषेक और ध्वजारोहण जैसे धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेंगे। इसके साथ ही सोमनाथ मंदिर की ऐतिहासिक विरासत पर आधारित स्मारक डाक टिकट और सिक्का भी जारी किए जाएंगे। दौरे के अगले चरण में प्रधानमंत्री वडोदरा जाएंगे, जहां वे सरदारधाम छात्रावास का उद्घाटन करेंगे और एक जनसभा को संबोधित करेंगे। यह छात्रावास 2000 छात्रों के आवासीय सुविधाओं से सुसज्जित बताया जा रहा है। पूरे दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं, जबकि कार्यक्रम को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

603 views