‘फ्लाइट में मेरी सुरक्षा से खिलवाड़ हुआ’ महुआ मोइत्रा ने विमान में बदसलूकी का लगाया आरोप
सांसद महुआ मोइत्रा ने दिल्ली यात्रा के दौरान विमान में कथित तौर पर हुई बदसलूकी को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महुआ मोइत्रा ने दावा किया कि वह संसदीय रक्षा स्थायी समिति की बैठक में शामिल होने के लिए आज दिल्ली जा रही थीं और इंडिगो की फ्लाइट 6E 719 में सीट 1F पर बैठी थीं।
महुआ मोइत्रा के मुताबिक, उड़ान के दौरान 4-6 लोगों का एक समूह विमान में सवार हुआ और उन्हें घूरते हुए पीछे की सीटों की ओर चला गया। उन्होंने आरोप लगाया कि फ्लाइट लैंड होने के बाद और विमान के दरवाजे खुलने से पहले उन लोगों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और उसका वीडियो भी बनाया।
X पर पोस्ट करते हुए महुआ मोइत्रा ने लिखा कि यह किसी “जनता के गुस्से” का मामला नहीं बल्कि सीधा उत्पीड़न है, जिसने विमान के भीतर उनकी सुरक्षा को प्रभावित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जाना चाहिए।
महुआ मोइत्रा ने एयरलाइन इंडिगो से फ्लाइट क्रू की रिपोर्ट सार्वजनिक करने, आरोपियों की पहचान उजागर करने और उन्हें नो-फ्लाई लिस्ट में डालने की मांग की है। साथ ही उन्होंने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम माहन नायडू से भी मामले में कार्रवाई की अपील की है।फिलहाल एयरलाइन या नागरिक उड्डयन मंत्रालय की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
134 views





