महिला आरक्षण विधेयक पर भाजपा की नजर, राजनीतिक लाभ के लिए विपक्ष को घेरने की तैयारी

महिला आरक्षण विधेयक पर भाजपा की नजर, राजनीतिक लाभ के लिए विपक्ष को घेरने की तैयारी*
महिला आरक्षण से जुड़ा विधेयक संसद में पारित न हो पाने के बावजूद भारतीय जनता पार्टी ने इसे बड़े राजनीतिक मुद्दे के रूप में आगे बढ़ाने की रणनीति तैयार कर ली है। पार्टी देशभर में जनाक्रोश रैलियों और प्रेस वार्ताओं के जरिए विपक्ष को घेरते हुए महिला वोटबैंक को मजबूत करने में जुटी है। भाजपा ने “सियासत तुम करो, फैसले नारी शक्ति करेगी” जैसे नारे देकर स्पष्ट संकेत दिया है कि आने वाले चुनावों में महिला मतदाताओं को केंद्र में रखकर रणनीति बनाई जा रही है। पार्टी ने विपक्ष को चेतावनी दी है कि महिला आरक्षण का विरोध करने वालों को महिला मतदाताओं की ताकत का सामना करना पड़ेगा। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, केंद्र और राज्यों में भाजपा सरकार ने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को सीधे लाभार्थी बनाया है। राशन कार्ड, आवास योजनाओं और अन्य सुविधाओं में महिलाओं को प्राथमिकता देने से उनका समर्थन बढ़ा है। हालिया चुनावी आंकड़े भी दर्शाते हैं कि महिलाओं की मतदान में भागीदारी लगातार बढ़ रही है और वे अब निर्णायक भूमिका निभा रही हैं। ऐसे में भाजपा महिला अस्मिता और सशक्तिकरण के मुद्दे को आगे रखकर आगामी चुनावों में अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश कर रही है।

67 views