*मंत्री विजयवर्गीय बोले जब जनता चली जाएगी क्या तब आएंगे सीएम
*मुख्यमंत्री के देरी से पहुंचने पर बार-बार नाराज होते रहे मंत्री… पहुंचने से पहले ही शुरू कर दी यात्रा*
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने एक बार फिर मुख्यमंत्री के खिलाफ भरे मंच से नाराजगी व्यक्त की… दरअसल इंदौर के पाटनीपुरा क्षेत्र में आज लोकंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ रैली निकाली गई, जिसका जिम्मा मंत्री विजयवर्गीय के पास रहा… इस आयोजन में मुख्यमंत्री भी शामिल हुए, लेकिन वे करीब घंटेभर से भी ज्यादा समय बाद पहुंचे… इसके पूर्व जब यात्रा शुरू होना थी तब मंत्री विजयवर्गीय ने सीएम के लेट होने पर बार-बार अपनी नाराजगी भी जाहिर की… खबर है कि वे अफसरों को यात्रा शुरू करने का कहते रहे, लेकिन जब यात्रा शुरू नहीं हो रही थी तब मंत्री ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि अगर सीएम नहीं आते हैं तो हम रैली आगे बढ़ा देंगे… मंत्री की नाराजगी इस बात पर रही कि रैली का समय 11 बजे था, लेकिन 12 बजे तक भी सीएम नहीं पहुंचे… इस बीच करीब 5 से ज्यादा बार सीएम की देरी पर वे नाराज हुए और माइक बंद कर अधिकारियों को रैली आगे बढ़ाने का कहते नजर आए… इतना ही नहीं जब पानी सिर से ऊपर हो गया और 12.30 बजे तक भी जब सीएम नहीं पहुंचे तो विजयवर्गीय ने अधिकारियों से कहा कि अब मैं 2 मिनट इंतजार ना करूं… इतना कह उन्होंने सीएम के बिना ही रैली आगे बढ़वा दी…
*रवाना होते रहे लोग… मंत्री बोले – वापस आ जाना!*
वैसे तो रैली में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, लेकिन देरी की वजह से जब लोग वापस लौटने लगे तो विजयवर्गीय ने मंच से ही कहा कि आप लोग जा रहे हो तो चले जाओ, लेकिन पोहा-जलेबी खाकर वापस आ जाना… इस दौरान वे कई बार लोगों को रोकते भी नजर आए…
*रैली के दौरान धक्का-मुक्की… चंद मिनटों में खत्म हुई भाषणबाजी*
जब रैली शुरू हुई तो उस दौरान लोगों को धक्का-मुक्की का भी सामना करना पड़ा… इतना ही नहीं, जब व्यवस्था डगमगाती नजर आई तो खुद मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को भीड़ के बीच पहुंचकर व्यवस्था संभालना पड़ी… उधर, जब मंच पर बोलने की बारी आई तो मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, बिप्लव देव सहित अन्य ने चंद मिनटों में अपनी बात रखी और भाषणबाजी कर रवाना हो गए… उधर, यहां भाषण के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया और कहा कि ”क्या राहुल गांधी पाकिस्तान से यहां आकर राजनीति कर रहा है..?”
*कांग्रेस ने भी हाथों हाथ घेरा…*
उधर, इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पर नाराज हुए मंत्री और अन्य अव्यवस्थाओं पर कांग्रेस ने भी तुरंत प्रतिक्रिया दी… कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अमित चौरसिया सहित अन्य ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से कहा कि वे लोकतंत्र बचाने की यात्रा निकालने से पहले अपनी ही पार्टी के भीतर हो रही अराजकता और अंतर्कलह को संभालें… भाजपा के इस आयोजन को कांग्रेस ने राजनीतिक इवेंट बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देव के देरी से पहुंचने पर हेमंत खंडेलवाल भी मंत्री विजयवर्गीय को रोकते रहे, लेकिन मंत्री जी नहीं माने… जिस पार्टी के मंच पर आपसी तालमेल नहीं, वह प्रदेश में लोकतंत्र और व्यवस्था बचाने निकली है… भाजपा पहले अपना घर संभाले, फिर प्रदेश संभालने की बात करे…
*प्रहलाद पांडेय फिर चर्चा में…*
उधर, बैनर-पोस्टर के खिलाफ मोर्चा संभालने वाले सामाजिक कार्यकर्ता प्रहलाद पांडे एक बार फिर भाजपा के इस कार्यक्रम में घोटालों के पोस्टर लहराकर फिर चर्चा में आ गए… दरअसल, पहले तो उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि लोकतंत्र बचाने की इस यात्रा में हम भाजपा के साथ हैं… इसके बाद उन्होंने सभा में पहुंचने से पहले वीडियो जारी कर कहा कि लोकतंत्र तब जिंदा रहता है जब सवाल-जवाब होता रहे और आज हम सवाल करने ही जा रहे… इसके बाद एक और वीडियो सामने आता है, जिसमें प्रहलाद नगरीय निकायों में हुए घोटालों पर सवाल उठाने वाला पोस्टर लहराते दिखे… जब मंत्री विजयर्गीय की नजर प्रहलाद पांडे पर पड़ी तो उन्होंने पुलिसकर्मियों से प्रहलाद पांडे को हटाने को कहा… इसके बाद पुलिस वाले प्रहलाद पांडे को गाड़ी में बैठाकर ले गए, जिस पर पांडे सवाल करते रहे कि मेरा कसूर क्या है..?
67 views





