*महावीर जन्म कल्याणक आयोजन पर सवालों की बौछार: ट्रैक्टर पार्किंग विवाद में क्या दबाया जा रहा है सच?*
इंदौर । महावीर जन्म कल्याणक जैसे पावन और सामाजिक समरसता के प्रतीक आयोजन के बाद अब नवकारसी स्थल पर ट्रैक्टर पार्किंग कर बंधित करने को लेकर उठे विवाद ने समाज के भीतर कई गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। आयोजन से जुड़े इस कथित घटनाक्रम को लेकर श्वेतांबर जैन महासंघ के नेतृत्व पर पारदर्शिता की कमी और तथ्यों को दबाने के आरोप लग रहे हैं।
समाज के विभिन्न वर्गों में यह चर्चा जोर पकड़ रही है कि आखिर इस पूरे मामले में सच्चाई क्या है और क्यों अब तक स्पष्ट रूप से सामने नहीं लाई जा रही। सुधि श्रावकों के बीच यह सवाल लगातार उठ रहा है कि क्या यह मात्र एक सामान्य अव्यवस्था थी या इसके पीछे किसी बड़े व्यक्ति के इशारे पर सुनियोजित षड्यंत्र रचा गया था।
विवाद का एक अहम पहलू यह भी है कि इवेंट प्रबंधन से जुड़े व्यक्ति या एजेंसी पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की गई। समाज में यह आशंका व्यक्त की जा रही है कि यदि इस पर कठोर कदम उठाया गया तो संभवतः किसी प्रभावशाली व्यक्ति की भूमिका उजागर हो सकती है, जिससे संस्थागत राजनीति पर सवाल खड़े हो जाएंगे।
इसके साथ ही आयोजन के अनुबंध को लेकर भी पारदर्शिता पर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं। चर्चा है कि क्या निविदा प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया? यदि ऐसा है तो क्या यह मामला किसी संभावित वित्तीय अनियमितता या घोटाले से जुड़ा हो सकता है? इन सवालों के चलते यह धारणा बन रही है कि कहीं भयवश पूरे मामले को दबाने या रफा-दफा करने की कोशिश तो नहीं की जा रही।
महासंघ नेतृत्व के रवैये पर भी समाज में नाराजगी देखी जा रही है। आरोप है कि नेतृत्व अपने ही न्यासियों को स्पष्ट जानकारी देने के बजाय भ्रमित करने की स्थिति में है। कई स्थानों पर यह भी देखा गया कि जब समाज के जागरूक सदस्य सीधे सवाल उठाते हैं, तो जिम्मेदार पदाधिकारी संवाद से बचते हुए वहां से निकल जाते हैं।
अब यह मुद्दा केवल एक आयोजन तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि समाज के हर मंच और जाजम पर चर्चा का विषय बन चुका है। समाज के प्रबुद्ध वर्ग का मानना है कि यदि समय रहते इस विषय पर पारदर्शी जांच और स्पष्ट जवाब नहीं दिए गए, तो यह विवाद और गहराएगा तथा सामाजिक एकता को भी प्रभावित कर सकता है।
समाजजन अब यह अपेक्षा कर रहे हैं कि महासंघ नेतृत्व आगे आए, तथ्यों को सार्वजनिक करे और निष्पक्ष जांच के माध्यम से सच्चाई सामने लाए, ताकि विश्वास बहाल हो सके और भविष्य में ऐसे विवादों की पुनरावृत्ति न हो।






