*दान की पवित्रता पर सवाल: महावीर जन्म कल्याणक आयोजन में पारदर्शिता और प्रबंधन पर उठे प्रश्न

*दान की पवित्रता पर सवाल: महावीर जन्म कल्याणक आयोजन में पारदर्शिता और प्रबंधन पर उठे प्रश्न*
इंदौर । शहर में आयोजित महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव के उपलक्ष्य में समाज के लगभग छह दर्जन भामाशाह बंधुओं द्वारा श्वेतांबर जैन महासंघ को 1,08,000 रुपये की सहयोग राशि प्रदान की गई। दानदाताओं की भावना स्पष्ट थी कि यह धन धर्म प्रभावना, सामाजिक समरसता और समाज की गरिमा बढ़ाने में उपयोग होगा।
किन्तु आयोजन के पश्चात अब यही दान राशि चर्चा और विवाद का विषय बनती जा रही है। समाज के सुधि श्रावकों और प्रबुद्धजनों ने महासंघ के समक्ष कई गंभीर प्रश्न खड़े किए हैं। सबसे प्रमुख सवाल यह है कि प्राप्त दान राशि का उपयोग किन-किन मदों में किया गया और उसका कोई स्पष्ट विवरण अब तक सार्वजनिक क्यों नहीं किया गया।
समाज के लोगों का कहना है कि आयोजन में पारदर्शिता का अभाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। भोजन व्यवस्था, जो किसी भी धार्मिक आयोजन का महत्वपूर्ण हिस्सा होती है, उसमें गुणवत्ता को लेकर भी कई शिकायतें सामने आईं। श्रद्धालुओं ने असंतोष जताते हुए कहा कि इतनी बड़ी दान राशि के बावजूद भोजन की गुणवत्ता अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं रही।
इसके साथ ही आयोजन में आडम्बर और लोक दिखावे पर अधिक खर्च किए जाने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। कुछ समाजजनों का मानना है कि वास्तविक धर्म भावना के स्थान पर बाहरी प्रदर्शन को प्राथमिकता दी गई, जिससे दान राशि के दुरुपयोग की आशंका और गहरी हो गई है।
विवाद का एक और महत्वपूर्ण पहलू आयोजन स्थल पर गैर जैन बाउंसर्स की तैनाती को लेकर है। समाज के कई लोगों ने इसे अनुचित बताते हुए कहा कि धार्मिक आयोजन में इस प्रकार की व्यवस्था समाज की परंपरा और मूल्यों के विपरीत है।
इन सभी मुद्दों को लेकर अब समाज के भीतर खुलकर चर्चा शुरू हो गई है। प्रबुद्धजनों का मानना है कि दान केवल आर्थिक सहयोग नहीं बल्कि विश्वास और श्रद्धा का प्रतीक होता है। यदि उस विश्वास को ठेस पहुंचती है तो इसका प्रभाव पूरे समाज की छवि पर पड़ता है।
समाज के वरिष्ठ सदस्यों ने महासंघ से आग्रह किया है कि वह शीघ्र ही दान राशि के उपयोग का विस्तृत लेखा-जोखा सार्वजनिक करे और भविष्य में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए।
अब देखने वाली बात यह होगी कि महासंघ इन उठते सवालों का किस प्रकार उत्तर देता है और समाज के विश्वास को पुनः स्थापित करने के लिए क्या पहल करता है।

1273 views