राष्ट्रीय सुरक्षा और अर्थव्यवस्था पर आज अहम बैठक, पीएम मोदी करेंगे अध्यक्षता*
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राजधानी दिल्ली में महत्वपूर्ण बैठकों की अध्यक्षता करेंगे। कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) देश की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करेगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति (CCEA) और केंद्रीय कैबिनेट की बैठकों में भी हिस्सा लेंगे। बैठक ऐसे समय में हो रही है जब पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के वैश्विक और भारतीय अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले प्रभावों का आकलन किया जा रहा है। इससे पहले 1 अप्रैल को भी प्रधानमंत्री ने सुरक्षा मामलों की उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता कर स्थिति की समीक्षा की थी। सरकारी सूत्रों के अनुसार, देश में कोयले का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और वैकल्पिक आपूर्ति व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, ताकि बिजली और खाद्य सुरक्षा पर कोई असर न पड़े। सरकार ऊर्जा सुरक्षा को लेकर सतर्क है और पेट्रोलियम उत्पादों, एलएनजी/एलपीजी तथा बिजली आपूर्ति को निर्बाध बनाए रखने पर जोर दे रही है। बैठक में उर्वरकों की उपलब्धता, खरीफ और रबी फसलों की तैयारियों, बिजली उत्पादन के लिए कोयला भंडार की स्थिति और किसानों की जरूरतों को लेकर भी विस्तृत समीक्षा की जाएगी। सरकार का फोकस आम जनता को आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता बनाए रखने और किसी भी संभावित संकट से निपटने की तैयारियों पर रहेगा।






