अंबेडकर जयंती पर राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री समेत नेताओं ने दी श्रद्धांजलि*
बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती पर देशभर में उन्हें श्रद्धा और सम्मान के साथ याद किया गया। इस अवसर पर नरेंद्र मोदी, द्रौपदी मुर्मू सहित कई शीर्ष नेताओं ने बाबा साहेब को नमन करते हुए उनके विचारों को अपनाने का आह्वान किया। संसद परिसर स्थित बीआर आंबेडकर प्रेरणा स्थल पर उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और अन्य सांसदों ने पुष्पांजलि अर्पित की। राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने संदेश में कहा कि बाबा साहेब एक महान समाज सुधारक, न्यायविद और संविधान निर्माता थे, जिन्होंने समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उन्होंने लोगों से उनके आदर्शों को आत्मसात कर न्यायपूर्ण और समावेशी समाज के निर्माण का संकल्प लेने की अपील की। प्रधानमंत्री मोदी ने बाबा साहेब के राष्ट्र निर्माण में योगदान को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि उनका जीवन और कार्य आने वाली पीढ़ियों को सदैव मार्गदर्शन देता रहेगा। वहीं राहुल गाँधी ने संविधान और बाबा साहेब की विरासत की रक्षा पर जोर दिया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी बाबा साहेब को सामाजिक न्याय का प्रबल समर्थक बताते हुए उनके योगदान को याद किया। देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए बाबा साहेब के विचारों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।






