अभिनव अमृत लोगो का लोकार्पण

अभिनव अमृत लोगो का लोकार्पण

हर छोर में है इंदौर का गौरव :गोकुलोत्सव जी

इंदौर। भारत की पुरातन संगीत संस्था अभिनव कला समाज की स्थापना के 75 वर्ष के अवसर पर “अभिनव अमृत ” महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।महोत्सव के अंतर्गत वर्ष भर संगीत, कला एवं संस्कृति से जुड़े 12 राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। एक गरिमामय समारोह में ‘अभिनव अमृत’ शुभंकर लोगो का विमोचन संपन्न हुआ।

मुख्य अतिथि पद्मभूषण मूर्धन्य संगीताचार्य पूज्यपाद गोस्वामी गोकुलोत्सव महाराज ने कहा कि इंदौर का गौरव हर छोर में है। संगीत, कला और संस्कृति के क्षेत्र में अभिनव कला समाज का अविस्मरणीय योगदान रहा है। 60 से 80 के दशक में देश के प्रत्येक मूर्धन्य एवं प्रतिष्ठित कलाकारों ने यहाँ ऐतिहासिक प्रस्तुतियाँ दी हैं। वे स्वयं श्रोता और कलाकार के रूप में अभिनव कला समाज से जुड़े रहे हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कथक गुरु पद्मश्री पुरु दाधिच ने अभिनव कला समाज के स्वर्णिम काल का स्मरण करते हुए कहा कि संस्था के पूर्वजों ने अपने रिश्तों से इसे सींचकर संस्था की स्थापना की और भवन का निर्माण किया।उन्होंने देर रात तक चलने वाली संगीत सभाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि एक बार पंडित रविशंकर जी ने अनवरत पाँच घंटे तक सितार वादन किया। उस दिन उनकी उंगलियां लहूलुहान हो गई थीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अभिनव अमृत महोत्सव के अंतर्गत वर्षभर कार्यक्रमों का सिलसिला जारी रहेगा। उत्सवप्रेमी इंदौर शहर एक बार फिर संगीत की मधुर लहरियों का आनंद उठाएगा।

इस अवसर पर अभिनव कला समाज के अध्यक्ष प्रवीण खारीवाल ने बताया कि अभिनव अमृत महोत्सव के अंतर्गत वर्षभर शास्त्रीय,उप- शास्त्रीय,सुगम गायन-वादन नृत्य, एवं अभिनय के राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

प्रारंभ में अभिनव संगीत प्रशिक्षण केंद्र के ग्यारह विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। मार्गदर्शन पं.सुनील मसूरकर का रहा। संस्था द्रुपद डांस एकेडमी की पाँच विद्यार्थियों ने गुरु डॉ. आशीष पिल्लई के मार्गदर्शन में कथक नृत्य प्रस्तुत किया। अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अतिथियों का स्वागत अध्यक्ष प्रवीण खारीवाल, स्टेट प्रेस क्लब,मप्र के मुख्य महासचिव नवनीत शुक्ला, पं. सुनील मसूरकर, सत्यकाम शास्त्री, रोहित अग्निहोत्री,आलोक बाजपेयी, कमल कस्तूरी, पूर्व अध्यक्ष गोपाल दास मोहता, दिलीप मुंगी, राजेश पंड्या, ज्योत्सना सोहनी, प्रियंका तिवारी, बंसीलाल लालवानी, प्रमोद जैन आदि ने किया।अतिथियों को स्मृति चिन्ह उपाध्यक्ष डॉ. पूर्वी निमगांवकर एवं सोनाली यादव ने भेंट किए।कार्यक्रम का संचालन संस्कृतिकर्मी संजय पटेल ने किया।

1876 views