यूपीआई लेनदेन ने बनाया नया रिकॉर्ड, 29.53 लाख करोड़ के पार

यूपीआई लेनदेन ने बनाया नया रिकॉर्ड, 29.53 लाख करोड़ के पार*
देश में डिजिटल भुगतान प्रणाली Unified Payments Interface (UPI) ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मार्च 2026 में यूपीआई के जरिए कुल 29.53 लाख करोड़ रुपये के लेनदेन दर्ज किए गए, जो अब तक का सबसे बड़ा मासिक रिकॉर्ड है। नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) के आंकड़ों के मुताबिक, इस दौरान लेनदेन की संख्या भी बढ़कर 22.64 अरब (बिलियन) तक पहुंच गई, जो डिजिटल भुगतान के तेजी से बढ़ते उपयोग को दर्शाती है। विशेषज्ञों के अनुसार, होली और ईद जैसे त्योहारों के साथ-साथ वित्तीय वर्ष के अंत में बढ़ी खरीदारी के कारण लेनदेन में यह उछाल देखने को मिला। फरवरी 2026 के मुकाबले मार्च में यूपीआई लेनदेन मूल्य में करीब 10 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि सालाना आधार पर यह बढ़ोतरी लगभग 19 प्रतिशत रही। भारत में डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में यूपीआई का दबदबा लगातार बढ़ रहा है और यह कुल डिजिटल लेनदेन का करीब 85 प्रतिशत हिस्सा संभाल रहा है। विशेषज्ञ मानते हैं कि यूपीआई की आसान, तेज और सुरक्षित प्रणाली के चलते देश में कैशलेस लेनदेन को नई मजबूती मिल रही है।

1072 views