फार्मर रजिस्ट्री से जुड़ें सभी किसान, योजनाओं का मिलेगा सीधा लाभ: योगी आदित्यनाथ*
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में फार्मर रजिस्ट्री को तेजी से लागू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी किसानों को इस प्रणाली से जोड़ा जाए, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके। मुख्यमंत्री ने उच्चस्तरीय बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष शिविर लगाकर किसानों का पंजीकरण कराया जाए, जिससे कोई भी पात्र किसान इस व्यवस्था से वंचित न रह जाए। उन्होंने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री को कृषि क्षेत्र की एकीकृत डिजिटल प्रणाली के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके तहत कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, सहकारिता और सिंचाई विभाग की योजनाओं को एक प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा, जिससे किसानों को अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। सीएम ने यह भी निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और फसल बीमा जैसी योजनाओं में किसी भी प्रकार की त्रुटियों को आधार से लिंक कर जल्द सुधारा जाए। साथ ही हर किसान को किसान पहचान पत्र उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे लाभ वितरण में पारदर्शिता आएगी। सरकार ने इसके लिए समय सीमा भी तय की है। कृषि विभाग को 1 मई 2026 तक पोर्टल पूरी तरह चालू करने और अन्य विभागों को 31 मई तक इससे जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री लागू होने के बाद योजनाओं का लाभ सीधे और पारदर्शी तरीके से किसानों तक पहुंचेगा, जिससे व्यवस्था अधिक प्रभावी और सरल बनेगी।






