*देर रात तक खुले रहे पेट्रोल पंप, प्रशासन अलर्ट — आपूर्ति पूरी तरह सुचारू*
*पर्याप्त स्टाक उपलब्ध-सुबह से भी सुचारू रहेगी आपूर्ति*
इंदौर 24 मार्च 2026
इंदौर जिले में पेट्रोल-डीजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। प्रशासन के निर्देश पर जिले के कई पेट्रोल पंपों को देर रात तक लगातार खुले रखा गया, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
एडीएम सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों, पुलिस अधिकारी, आपूर्ति विभाग और राजस्व विभाग की टीमों ने देर रात तक पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया। अधिकारियों द्वारा स्वयं फील्ड में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया और पेट्रोल-डीजल वितरण की सतत मॉनिटरिंग की गई। सभी पंप संचालकों को निर्देश दिए गए कि वे निर्धारित समय से अधिक देर तक पंप खुले रखें और उपभोक्ताओं को सुचारू रूप से ईंधन उपलब्ध कराएं।
जिला आपूर्ति नियंत्रक श्री एम. एल. मारू ने बताया कि जिले में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। वर्तमान में जिले में प्रतिदिन लगभग 10 लाख लीटर पेट्रोल और 15 लाख लीटर डीजल की खपत होती है, जबकि पंपों पर करीब 42 लाख लीटर पेट्रोल और 65 लाख लीटर डीजल का स्टॉक मौजूद है। इसके अलावा मांगलिया डिपो से लगातार ईंधन की आपूर्ति भी जारी है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में पेट्रोल-डीजल की किसी प्रकार की कमी नहीं है। आम उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता अनुसार ही ईंधन भरवाएं।






