खजराना मंदिर में जल्द होगी महाप्रबंधक की नियुक्ति
खजराना गणेश मंदिर में जल्द ही नए महाप्रबंधक की नियुक्ति जाएगी। मंदिर के वर्तमान महाप्रबंधक राकेश शर्मा का इंदौर दुग्ध संघ से भोपाल मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में तबादला होने के कारण यह पद रिक्त हो गया है। तत्कालीन कलेक्टर और मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष आशीष सिंह के निर्देश पर तत्कालीन निगम आयुक्त शिवम वर्मा द्वारा उनकी नियुक्ति महाप्रबंधक के पद पर की गई थी। हालांकि जिस उद्देश्य से राकेश शर्मा को मंदिर का महाप्रबंधक बनाया गया था वह कभी भी पूरा नहीं हुआ। वह सिर्फ मंदिर में आयोजनों के समय ही दिखाई दिए। मंदिर की व्यवस्थाओं को सुधारने में उनकी रुचि कभी नहीं रही। यही कारण है कि आए दिन मंदिर में गर्भा गृह में प्रवेश और अन्य विषयों को लेकर विवाद की स्थिती बनती रही। पुजारी अपनी मनमानी करते रहे। गैंगस्टर सतीश भाऊ जैसे लोगों को गर्भ गृह में आसानी से प्रवेश मिलता रहा। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कलेक्टर शिवम वर्मा अब किसी तेज तर्रार अधिकारी को मंदिर का महाप्रबंधक बनाना चाहते हैं जिससे की मंदिर की व्यवस्थाएं सुचारू रूप से नियंत्रित की जा सके। बताया जाता है कि जूनी इंदौर एसडीएम प्रदीप सोनी या एनवीडीए में पदस्थ डिप्टी कलेक्टर पूर्णिमा सिंगी को महाप्रबंधक बनाया जा सकता है। पूर्णिमा सिंगी इसके पहले महाकाल मंदिर की सहायक प्रबंधक रह चुकी हैं और उन्हें भीड़ नियंत्रण प्रोटोकाल का अनुभव है।
871 views





