राजबाड़ा में ग्राहक पार्किंग की मांग तेज: ‘जहां अवैध कारोबारी बैठते हैं, वहां बने वाहन स्टैंड

*राजबाड़ा में ग्राहक पार्किंग की मांग तेज: ‘जहां अवैध कारोबारी बैठते हैं, वहां बने वाहन स्टैंड’*


इंदौर । राजबाड़ा क्षेत्र में बढ़ती यातायात समस्या और पार्किंग संकट को लेकर व्यापारियों ने नई मांग उठाई है। उनका कहना है कि जहां वर्तमान में अवैध सड़क कारोबारी बैठते हैं, उन स्थानों को ग्राहक पार्किंग के रूप में विकसित किया जाना चाहिए, ताकि बाजारों में आने वाले आम क्रेताओं को सुविधा मिल सके।
व्यापारियों का तर्क है कि नगर निगम द्वारा निर्धारित सुभाष चौक पार्किंग, बालाजी टावर के पीछे मल्टीलेवल पार्किंग और बजाज खाना चौक स्थित पार्किंग स्थल अधिकांश समय व्यापारियों के वाहनों से शत-प्रतिशत भरे रहते हैं। ऐसे में ग्राहकों को सड़क किनारे वाहन खड़े करने पड़ते हैं, जिससे जाम की स्थिति बनती है।
इंदौर रिटेल गारमेंट्स सहित विभिन्न व्यापारिक संगठनों ने सुझाव दिया है कि राजबाड़ा और आसपास के सभी प्रमुख बाजारों में ग्राहक वाहन पार्किंग के लिए अलग से समुचित प्रबंधन पर नगर निगम और यातायात पुलिस को संयुक्त रूप से वैचारिक मंथन करना चाहिए। व्यापारियों ने प्रशासन को आश्वस्त किया है कि वे व्यवस्था सुधार में पूरा सहयोग देंगे।
व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि यदि सड़क और फुटपाथ पर हो रहे कब्जों पर ईमानदारी से प्रतिबंध लागू हो जाए तो यातायात अवरुद्धता में बड़ा सुधार दिखाई देगा। उनका कहना है कि नियोजित ढंग से अवैध अतिक्रमण उन्मूलन अभियान चलाकर, सतत निगरानी और दंडात्मक कार्रवाई के माध्यम से ही स्थायी समाधान संभव है।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस मांग पर क्या रणनीति बनाता है और राजबाड़ा को व्यवस्थित पार्किंग व अतिक्रमण मुक्त क्षेत्र बनाने की दिशा में कितनी ठोस पहल करता है।

4422 views