*राजबाड़ा में पार्किंग और अतिक्रमण पर संयुक्त एक्शन: डीसीपी-निगम अधिकारियों ने व्यापारियों के साथ किया दौरा*
इंदौर। राजबाड़ा क्षेत्र में यातायात अव्यवस्था और सड़क अतिक्रमण की समस्या को लेकर मंगलवार को निगम, पुलिस और व्यापारियों ने संयुक्त दौरा किया। यातायात प्रभारी डीसीपी राजेश कुमार त्रिपाठी ओर व्यापारी वर्ग के तीन दिन के अभ्यास के बाद आज नगर निगम के अधिकारियों ने संयुक्त दौरा किया।
डीसीपी राजेश कुमार त्रिपाठी, निगम एडिशनल कमिश्नर अभय राजेंद्रगावकर, रिमूवल अधिकारी अंकेश बीरथेरिया सहित निगम का रिमूवल विभाग का अमला मौके पर मौजूद रहा।
अधिकारियों ने खजुरी बाजार स्थित बालाजी टावर की मल्टीलेवल पार्किंग, सुभाष चौक पार्किंग, पुराने एसपी ऑफिस की पानी की टंकी के पीछे उपलब्ध वैकल्पिक स्थान तथा बजाज खाना चौक के पास बनी मल्टीलेवल पार्किंग की वाहन क्षमता का आंकलन किया। साथ ही गोपाल मंदिर के पीछे निहालपुरा क्षेत्र में सड़क कब्जे वाली दुकानों को हटाकर वहां पार्किंग विकसित करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई।
दौरे के दौरान खजुरी बाजार में अव्यवस्थित सड़क पार्किंग को लेकर सख्ती के संकेत दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों और अस्थायी कब्जों को हटाकर व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था विकसित की जाएगी, ताकि बाजार क्षेत्र में यातायात सुगम हो सके।
निगम ने राजबाड़ा के सभी प्रमुख बाजारों की सड़कों पर सफेद मार्किंग लाइन का नए सिरे से रेखांकन भी शुरू कर दिया है। तय सीमा के बाहर खड़े वाहनों पर कार्रवाई की जाएगी।
संयुक्त दौरे में व्यापारियों ने भी सहयोग का आश्वासन दिया। प्रशासन और व्यापारिक संगठनों ने मिलकर राजबाड़ा को यातायात नियंत्रित और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए सहभागी भूमिका निभाने की बात कही।
प्रशासन का कहना है कि आने वाले दिनों में नियमित निगरानी और संयुक्त कार्रवाई से क्षेत्र में स्थायी सुधार लाया जाएगा।






