*राजबाड़ा में अतिक्रमण पर सख्ती के संकेत* *निगम आयुक्त बोले- ‘जीरो टॉलरेंस, विकास में रुकावट नहीं होगी बर्दाश्त’
*
इंदौर। राजबाड़ा क्षेत्र में अस्थायी अतिक्रमण और कब्जाधारियों की बढ़ती गतिविधियों को लेकर इंदौर रिटेल गारमेंट्स एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम आयुक्त क्षितिज बंसल से मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की। व्यापारियों ने क्षेत्र में फुटपाथों और सड़कों पर फैलते अस्थायी कब्जों से यातायात व व्यापार दोनों पर पड़ रहे असर को प्रमुखता से उठाया।
बैठक में आयुक्त बंसल ने स्पष्ट किया कि राजबाड़ा और आसपास के व्यावसायिक बाजारों में अतिक्रमण को लेकर “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर के विकास और व्यवस्थित यातायात में किसी भी प्रकार की रुकावट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निगम और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई लगातार जारी है और आने वाले दिनों में अभियान और तेज किया जाएगा।
आयुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सड़क, फुटपाथ और पार्किंग व्यवस्था को लेकर सख्ती बरती जाए। अस्थायी अतिक्रमण करने वालों पर नियमित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि बाजार क्षेत्र में आमजन और व्यापारियों को राहत मिल सके।
बैठक में एडीशनल कमिश्नर राजेंद्र राव, मार्केट विभाग और यातायात-पार्किंग विभाग के प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे। इंदौर रिटेल गारमेंट्स एसोसिएशन की ओर से अध्यक्ष अक्षय जैन, पवन पंवार, राजेंद्र राठौर, जितेंद्र पाहुजा, मुकेश पटवा सहित अनेक व्यापारी सदस्य मौजूद थे।
व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन की सख्ती से राजबाड़ा क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त बनाने की दिशा में ठोस परिणाम सामने आएंगे।






