पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर नरेंद्र मोदी सहित नेताओं ने दी श्रद्धांजलि*
पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके विचार देश की हर पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने उपाध्याय जी के सिद्धांतों को राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव बताया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय को अंत्योदय और एकात्म मानववाद का प्रणेता बताते हुए कहा कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का विकास ही सच्चे राष्ट्र विकास का आधार है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्हें निस्वार्थ कर्मयोगी और महान विचारक बताते हुए कहा कि एकात्म मानव दर्शन से प्रेरित अंत्योदय का मंत्र आज भी विकसित भारत के निर्माण में मार्गदर्शन करता है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना पंडित दीनदयाल उपाध्याय की विचारधारा की ही अभिव्यक्ति है। उन्होंने समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।






