ऑनलाईन सीईटी परीक्षा में शामिल विद्यार्थियों को परीक्षा शुल्क लौटाया जायेगा

*ऑनलाईन सीईटी परीक्षा में शामिल विद्यार्थियों को परीक्षा शुल्क लौटाया जायेगा – उच्च शिक्षा मंत्री श्री जीतू पटवारी*
इंदौर।उच्च शिक्षा मंत्री जीतू पटवारी ने कहा है कि पिछले माह आयोजित ऑनलाईन सीईटी परीक्षा में शामिल विद्यार्थियों को परीक्षा शुल्क लौटाया जायेगा। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष से सीईटी की परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी रूप से सम्पन्न करायी जायेगी। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिये हर संभव प्रयास किये जायेंगे। विद्यार्थियों के हितों का पूरा ध्यान रखा जायेगा।
श्री पटवारी आज यहां खण्डवा रोड स्थित देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स ग्राउण्ड के निरीक्षण के बाद आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। इस अवसर पर महापौर श्रीमती मालिनी गौड़, कुलपति डॉ. रेणु जैन, उच्च शिक्षा आयुक्त राघवेन्द्र सिंह, संचालक खेल एवं युवा कल्याण एस.एन. थाउसेन, विनय बाकलीवाल आदि विशेष रूप से मौजूद थे। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए श्री पटवारी ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना राज्य शासन की प्राथमिकता है। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय को एक उत्कृष्ट एवं आदर्श विश्वविद्यालय बनाने के लिये सभी संभव प्रयास किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रोफेसरों की कमी को दूर करने के लिये पूरे प्रयास किये जा रहे हैं। शिक्षा के क्षेत्र में अनेक नवाचार कर गुणवत्ता के नये मापदण्ड स्थापित किये जायेंगे। श्री पटवारी ने कहा कि कमियों का आंकलन कर उसे दूर करने का प्रयास करना चाहिये। सीईटी की परीक्षा पारदर्शी रूप से हो यह प्रयास हो। इस वर्ष सीईटी की परीक्षा में शामिल विद्यार्थियों को परीक्षा शुल्क लौटाया जाये।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए महापौर श्रीमती मालिनी गौड़ ने कहा कि जिस प्रकार स्वच्छता में इंदौर ने देश में अपनी विशेष पहचान बनायी है, उसी तरह शिक्षा के क्षेत्र में भी इंदौर की पहचान स्थापित की जाये। इंदौर शिक्षा का बड़ा हब है। कुलपति डॉ. रेणु जैन ने स्वागत भाषण दिया। मंत्री श्री पटवारी ने इससे पहले विश्वविद्यालय परिसर में बने स्पोर्ट्स काम्पलेक्स का निरीक्षण किया और अधिकारियों को इसे और अधिक बेहतर बनाने के लिये आवश्यक निर्देश दिये।

1436 views