*राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान अलंकरण समारोह आज*
*अब तक 28 किशोर कुमार सम्मान से 7-7 निर्देशक, अभिनेता और पटकथाकारों को मिला सम्मान*
*गीत लेखकों में 7 वे होंगे प्रसून जोशी*
*मुख्यमंत्री डॉ. यादव कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल होंगे*
इंदौर, 13 अक्टूबर 2025
मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन खण्डवा के सहयोग से प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी हरफनमौला कलाकार किशोर कुमार के पुण्य स्मरण अवसर पर राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान अलंकरण समारोह का दो दिवसीय आयोजन किया जा रहा है। संचालक, संस्कृति श्री एन.पी. नामदेव ने बताया कि समारोह के दूसरे दिन 14 अक्टूबर को राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान अलंकरण से सुविख्यात गीतकार श्री प्रसून जोशी को अलंकृत किया जायेगा। यह कार्यक्रम सायं 8.30 बजे से प्रारंभ होगा। किशोर कुमार सम्मान में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की वर्चुअली उपस्थिति में अलंकरण समारोह का आयोजन किया जायेगा। मंत्री जनजातीय कार्य विभाग श्री कुंवर विजय शाह, सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटिल, विधायक श्री नारायण सिंह पटेल, विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तन्वे एवं विधायक श्रीमती छाया गोविंद मोरे की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। अलंकरण के बाद मुम्बई के श्री हेमंत कुमार म्यूजिकल ग्रुप, द्वारा किशोर कुमार के गीतों की सुमधुर प्रस्तुति दी जाएगी। कार्यक्रम में प्रवेश निःशुल्क रहेगा।
*सिनेमा जगत के 27 दिग्गज निर्देशकों, अभिनेताओं, पटकथाकारों और गीत लेखकों का हुआ है सम्मान*
संस्कृति विभाग के संचालक श्री नामदेव ने बताया कि संस्कृति विभाग द्वारा महान गायक कलाकार किशोर कुमार की स्मृति में यह सम्मान वर्ष 1997 से लगातार प्रदान किया जा रहा है। अब तक 27 विभूतियों को इस सम्मान से अलंकृत किया जा चुका है। इसके अंतर्गत सम्मान स्वरूप 5 लाख रुपये की कर मुक्त राशि एवं सम्मान पट्टिका प्रदान की जाती है।
यह सम्मान अभिनय, पटकथा लेखन, गीत लेखन एवं निर्देशन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रदान किया जाता है। 1997-1998 से अब तक 7-7 निर्देशकों, अभिनेताओं, पटकथाकारों को सम्मान प्रदान किया जा चुका है। वर्ष 2024-25 का किशोर कुमार सम्मान गीत लेखक श्री प्रसून जोशी को प्रदान किया जाएगा। 28वें किशोर कुमार सम्मान से सम्मानित होने वाले 7वें गीतकार श्री जोशी होंगे।






