सभी शासकीय अधिकारी-कर्मचारी हेलमेट पहनने संबंधी निर्देशों और प्रावधानों का अनिवार्य रूप से करें पालन

*सभी शासकीय अधिकारी-कर्मचारी हेलमेट पहनने संबंधी निर्देशों और प्रावधानों का अनिवार्य रूप से करें पालन*

*कलेक्टर श्री आशीष सिंह द्वारा निर्देश जारी*
इंदौर, एक अगस्त 2025
कलेक्टर श्री आशीष सिंह ने इंदौर जिले के समस्त कार्यालय प्रमुखों को निर्देशित किया है कि हेलमेट लगाने के संबंध में जारी निर्देशों और प्रावधानों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित किया जाये। सभी शासकीय अधिकारी-कर्मचारी इसका पालन अनिवार्य रूप से करें। इस संबंध में यह सुनिश्चित किया जाये कि आपके कार्यालय में दो पहिया वाहनों से आने वाले सभी अधिकारी/कर्मचारी हेलमेट पहन कर ही आयेंगे।
इस संबंध में जारी पत्र में कहा गया है कि समय-समय पर केन्द्र व राज्य सरकारों द्वारा भी निर्देश दिये गये हैं। साथ ही मध्यप्रदेश मोटर यान मोटर यान अधिनियम 1988 की धारा-129 में स्पष्ट प्रावधान है कि प्रत्येक दो पहिया वाहन सवारी तथा वाहन चालक अनिवार्य रूप से आईएसआई मार्क हेलमेट (सुरक्षात्मक टोप) पहनेंगे। बिना हेलमेट धारण किये चलने वाले दो पहिया वाहन चालकों की सड़क में दुर्घटना एवं असामयिक मृत्यु होने का खतरा बना रहता है। इस संबंध में पृथक से प्रतिबंधात्मक आदेश भी जारी किये गये हैं।
कलेक्टर श्री आशीष सिंह ने कलेक्टर कार्यालय और सभी अनुविभागीय अधिकारी कार्यालयों के शासकीय सेवकों को भी इस संबंध में पृथक से निर्देश जारी करते हुए हेलमेट पहनने संबंधी निर्देशों और प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने को कहा है। कहा गया है कि जो कर्मचारी दो पहिया वाहनों से कार्यालय आते हैं वे हेलमेट पहनकर ही आयें।
*कर्मचारी संगठनों ने किया समर्थन*
कलेक्टर श्री आशीष सिंह द्वारा हेलमेट पहनने संबंधी जारी निर्देशों का आज विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने समर्थन किया है। कलेक्टर श्री आशीष सिंह से इस संबंध में कर्मचारी संगठन के पदाधिकारी श्री हरीश बोयत के नेतृत्व में सर्वश्री रमेश यादव, दिनेश परमार, प्रशांत शास्त्री, श्रीमती रंजना दीक्षित और बड़ी संख्या में कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी मिलने आज कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। कर्मचारी संगठनों ने इंदौर के यातायात सुधार के लिये कलेक्टर श्री आशीष सिंह द्वारा प्रारंभ की गई मुहिम का समर्थन किया। कलेक्टर श्री आशीष सिंह ने कहा कि आप लोग सभी कर्मचारियों को हेलमेट लगाने के लिए प्रेरित करें और समाज में जनजागरूकता लायें।

3350 views