अंतरिक्ष से लौटे शुभांशु शुक्ला की सेहत पर इसरो ने दिया अपडेट*
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने गुरुवार को बताया कि अंतरिक्ष से लौटे भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की शुरुआती स्वास्थ्य जांच में उनकी तबीयत पूरी तरह ठीक पाई गई है और फिलहाल कोई चिंता की बात नहीं है। शुभांशु 15 जून को अमेरिकी निजी मिशन एक्सिओम-4 के तहत 20 दिन की अंतरिक्ष यात्रा के बाद पृथ्वी पर लौटे थे। ड्रैगन ग्रेस स्पेसक्राफ्ट से लौटे शुभांशु और तीन अन्य यात्रियों ने कैलिफोर्निया में समुद्र में सुरक्षित लैंडिंग की। वापसी के बाद तुरंत एक जहाज पर उनकी स्वास्थ्य जांच हुई और फिर उन्हें हेलिकॉप्टर से एक्सिओम स्पेस सेंटर और ह्यूस्टन ले जाया गया, जहां एक सप्ताह का विशेष पुनर्वास कार्यक्रम शुरू हुआ। इसरो और एक्सिओम के डॉक्टरों की निगरानी में चल रहे इस कार्यक्रम में हृदय, मांसपेशी, हड्डियों और मानसिक स्थिति की जांच हो रही है। अंतरिक्ष में बिताए गए समय के प्रभावों को कम करने के लिए यह प्रक्रिया अपनाई जा रही है। शुभांशु ने अपने मिशन के दौरान 18 दिन अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर रहकर कई माइक्रोग्रैविटी प्रयोग किए। वह पृथ्वी की 320 परिक्रमाएं कर चुके हैं और कुल 1.35 करोड़ किलोमीटर से अधिक की यात्रा तय की। इसरो ने कहा कि उनकी हालत में निरंतर सुधार हो रहा है और वह जल्द ही सामान्य जीवन में लौट आएंगे।






