57 साल बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री का पहला ब्राजील दौरा, इन अहम समझौतों पर होंगे हस्ताक्षर*
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद अब ब्रासीलिया जाएंगे, जहां उन्हें राजकीय अतिथि का सम्मान दिया जाएगा। ब्राजील में भारत के राजदूत दिनेश भाटिया ने कहा कि यह 57 साल में पहली बार किसी भारतीय प्रधानमंत्री का ब्राजील का पहला राजकीय दौरा है। भाटिया ने कहा कि हमें उम्मीद है कि दोनों देशों के बीच चार समझौतों पर हस्ताक्षर हो सकते हैं, जिनमें अक्षय ऊर्जा, आतंकवाद से निपटना, कृषि में अनुसंधान सहयोग साथ ही गोपनीय जानकारी का आदान-प्रदान के समझौते शामिल हैं।एक प्रेस वार्ता में भारत के आर्थिक संबंधों के सचिव दम्मू रवि ने ब्रिक्स सम्मेलन को लेकर कहा कि ‘तेजी से बदलती दुनिया में ब्रिक्स सम्मेलन की काफी अहमियत है। भारत, ब्रिक्स का संस्थापक सदस्य देश है और अगले साल ब्रिक्स की अध्यक्षता भारत करेगा। प्रधानमंत्री ने ब्रिक्स सम्मेलन में दोहराया कि 20वीं सदी के वैश्विक संगठनों में 21वीं सदी की चुनौतियों से निपटने की क्षमता का अभाव है। उन्होंने बहुपक्षीय संगठनों में सुधार के महत्व को रेखांकित किया। प्रधानमंत्री ने वैश्विक शासन संस्थाओं जैसे संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद, आईएमएफ, विश्व बैंक और डब्लूटीओ में तत्काल सुधार की मांग की।’






