डिजिटल इंडिया अब बना जन आंदोलन, आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का आधार : पीएम मोदी*
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि डिजिटल इंडिया अब सिर्फ एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि एक जन आंदोलन बन चुका है। यह आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की धुरी बनकर उभरा है और भारत को विश्वसनीय नवाचार साझेदार के रूप में स्थापित कर रहा है। बीते एक दशक में देश में इंटरनेट कनेक्शन 25 करोड़ से बढ़कर 97 करोड़ हो चुके हैं, और भारत का 5G रोलआउट दुनिया में सबसे तेज है। डिजिटल प्लेटफॉर्म UPI, DBT, स्वामित्व योजना, GEM और ONDC के ज़रिए आम नागरिकों को सीधे लाभ मिल रहा है। UPI पर सालाना 100 अरब से अधिक लेन-देन, DBT के माध्यम से 44 लाख करोड़ रुपये सीधे लाभार्थियों को मिले हैं। वहीं, ONDC ने 20 करोड़ से अधिक लेन-देन का आंकड़ा पार किया है। आधार, कोविन, डिजिलॉकर जैसे डिजिटल पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर वैश्विक स्तर पर मिसाल बन चुके हैं। भारत अब दुनिया का सबसे सस्ता इंटरनेट और कंप्यूटिंग हब भी बन गया है। पीएम मोदी ने कहा कि अब समय है कि भारत “इंडिया फर्स्ट” से “इंडिया फॉर द वर्ल्ड” की ओर बढ़े और अगली डिजिटल क्रांति में नेतृत्व करे।






