*विकास कार्यों में इंदौर आगे: वार्ड 51 और 54 में महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने किए करोड़ों रुपये के कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन*

इंदौर,नगर के विकास को नई गति देते हुए महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने वार्ड 51 और 54 में एक साथ करोड़ों रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन और लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में नागरिक भी उपस्थित रहे।
महापौर द्वारा मुसाखेड़ी चौराहा से रिंग रोड सांवरिया धाम तक 7 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सर्विस रोड का भूमि पूजन किया गया। इसके साथ ही 5 करोड़ रुपये की नवीन पानी की टंकी, संजीवनी क्लिनिक, क्षेत्र की चार सड़कों और ड्रेनेज लाइन का भी लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम में नगर भाजपा अध्यक्ष सुमित मिश्रा, विधायक महेंद्र हार्डिया, वार्ड 51 के पार्षद मलखान कटारिया, वार्ड 54 के पार्षद महेश बसवाल, जल कार्य प्रभारी अभिषेक शर्मा (बबलू), आईटी प्रभारी राजेश उदावत नंदकिशोर पहाड़िया सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
*क्षेत्र की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता*
वार्ड 54 के पार्षद महेश बसवाल ने जानकारी दी कि क्षेत्र में लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत से ड्रेनेज लाइन बिछाई गई है, जिससे जलभराव की समस्या से राहत मिली है। उन्होंने अवैध ठेले-खोमचों की समस्या की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए उनके पुनर्व्यवस्थित किए जाने की आवश्यकता जताई।
*महापौर ने बताए कितने हुए विकास कार्य, की बड़ी घोषणाएं*
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि, “जनता की शिकायत रहती है कि चुनाव जीतने के बाद नेता लौटते नहीं, लेकिन मैं महापौर बनने के बाद 15 से अधिक बार इस क्षेत्र में आ चुका हूं। हमने पानी, सड़क, स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया है, जिससे क्षेत्र की तस्वीर बदली है।”उन्होंने कहा कि पहले महिलाएं शौचालय की कमी से परेशान रहती थीं और गैस की टंकी भी सपना लगती थी। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की सरकार ने ये सुविधाएं सरलता से उपलब्ध कराईं। गरीब और मध्यमवर्गीय नागरिकों के लिए “संजीवनी क्लिनिक” जैसे नवाचार किए गए हैं, ताकि प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं मुफ्त में उपलब्ध कराई जा सकें।
महापौर ने पार्षद महेश बसवाल की मांग पर संजीवनी क्लिनिक के साथ एक स्कूल निर्माण की घोषणा की और विधायक हार्डिया की अनुशंसा पर इदरीस नगर का नाम बदलकर इंद्रेश नगर करने की घोषणा भी की।
*विधायक हार्डिया और सुमित मिश्रा के विचार*
विधायक महेंद्र हार्डिया ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में मुसाखेड़ी क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने क्षेत्र के नाम में परिवर्तन के साथ-साथ एक सरकारी स्कूल और सड़कों पर सेंट्रल लाइटिंग की आवश्यकता जताई। जिसे महापौर द्वारा सहर्ष स्वीकार कर घोषणा की।
नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने कांग्रेस पार्टी और उसके शीर्ष नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि उन्होंने सात दशकों में कुछ ठोस काम किए होते, तो आज देश को पानी, बिजली और सड़कों के लिए संघर्ष नहीं करना पड़ता।
1608 views





