*एयरपोर्ट लिंक रोड निर्माण को लेकर महापौर से रहवासियों ने की मुलाकात*
इंदौर ।नगर पालिक निगम इंदौर द्वारा शहीद चंद्रशेखर आज़ाद चौराहे से कालानी नगर और एयरपोर्ट को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण लिंक रोड के निर्माण हेतु टेंडर प्रक्रिया जारी कर दी गई है। यह सड़क वर्षों से लंबित विकास कार्यों में शामिल थी, जिसे अब मास्टर प्लान के अनुरूप प्राथमिकता में लेकर नगर निगम द्वारा आगे बढ़ाया जा रहा है।
इस संबंध में आज क्षेत्रीय रहवासियों ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव से भेंट कर अपनी चिंताएं साझा कीं। प्रमुख मांग यह रखी गई कि प्रस्तावित सड़क की चौड़ाई को वर्तमान में प्रस्तावित चौड़ाई से कम बनाया जाए, ताकि स्थानीय नागरिकों की दैनिक जीवनचर्या और मकानों पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने चर्चा करते हुए बताया: *”चंदन नगर चौराहे से एयरपोर्ट को जोड़ने वाली यह सड़क वर्षों से लंबित थी। इसे मास्टर प्लान में समाहित कर, लिंक रोड के रूप में विकसित करने हेतु टेंडर जारी किया गया है। यह रोड एयरपोर्ट से कालानी नगर होते हुए आगे बढ़ेगी।”*
रहवासियों की चिंताओं पर प्रतिक्रिया देते हुए महापौर ने कहा:
*”कुछ लोगों ने 80 फीट चौड़ाई का भी सुझाव दिया है, वहीं कुछ इसे कम करने की मांग कर रहे हैं। नगर निगम दोनों प्रस्तावों पर विचार करेगा और जनता के व्यापक हित में निर्णय लिया जाएगा।”*
महापौर ने यह भी स्पष्ट किया कि मास्टर प्लान के अनुसार न्यूनतम 60 फीट चौड़ाई आवश्यक है, ताकि भविष्य में यातायात, सुविधा और आपात सेवाओं के लिए किसी प्रकार की बाधा न आए। सड़क निर्माण कार्य में स्थानीय नागरिकों की भावनाओं, भूमि प्रबंधन, तकनीकी आवश्यकताओं और शहरी विकास के संतुलन को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लिया जाएगा।
1742 views





