*जन्मदिन मनाने के बाद लापता हुआ युवक, दो दिन बाद सिमरोल के जंगल में मिला शव – गला घोंटकर हत्या की आशंका*
इंदौर के एक युवक की लापता होने के दो दिन बाद जंगल में संदिग्ध हालात में लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अन्नपूर्णा क्षेत्र निवासी अमित पाल के रूप में हुई है, जो पेशे से डांस ट्रेनर था और शादियों के लिए कोरियोग्राफी करता था।
जानकारी के अनुसार, अमित 1 जून की रात अपने छोटे भाई का जन्मदिन मनाने के बाद घर से यह कहकर निकला था कि वह थोड़ी देर में लौटेगा। लेकिन उसके बाद से वह लापता हो गया। परिजनों ने अगले दिन उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में दर्ज करवाई।
जंगल में मिला शव, गले में बंधा था गमछा
मंगलवार को सिमरोल इलाके के आशापुरा के पास एक नाले के किनारे ग्रामीणों को एक युवक की लाश दिखाई दी। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि शव उल्टा पड़ा हुआ था और गले में गमछा कसकर लपेटा गया था। मृतक के चेहरे और शरीर पर पत्थरों के निशान मिले, जिससे प्रतीत होता है कि गला घोंटने के बाद शव को छिपाने के लिए उसे पत्थरों से दबाया गया।
मोबाइल की आखिरी लोकेशन खंडवा रोड पर
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि अमित का मोबाइल फोन आखिरी बार खंडवा रोड क्षेत्र में सक्रिय था। इसके बाद से उसका लोकेशन नहीं मिल पाया। शव मिलने के बाद परिजनों को बुलाया गया, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान की।
हत्या की पुष्टि, जांच जारी
डीएसपी उमाकांत चौधरी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और मृतक के दोस्तों और नजदीकी लोगों से पूछताछ शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही हत्याकांड से जुड़े सुराग मिल सकते हैं।
1206 views





