क्राफ्टरूट्स प्रदर्शनी 2025 का भव्य शुभारंभ
भारतीय हस्तशिल्प की महक से गुलजार हुआ इंदौर, देशभर के कलाकारों को मिला साझा मंच
इंदौर। भारतीय कला और शिल्प की गरिमा को समर्पित क्राफ्टरूट्स प्रदर्शनी 2025 का शुभारंभ इंदौर के बास्केटबॉल कॉम्प्लेक्स, रेसकोर्स रोड पर हुआ। यह प्रदर्शनी 22 से 26 मई तक प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से रात 9:00 बजे तक आम जन के लिए खुली रहेगी।
शुभारंभ समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, स्टेट प्रेस क्लब, म.प्र. के अध्यक्ष प्रवीण खारीवाल, क्राफ्टरूट्स की संस्थापिका अनार पटेल, सीईओ अनिल छतवाल और कलास्तंभ के निदेशक पुष्कर सोनी मंच पर उपस्थित रहे।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा : “भारतीय ग्राम संस्कृति और हस्तकला हमारी आत्मा हैं। इस प्रकार के आयोजनों से न केवल कारीगरों को नई पहचान मिलती है, बल्कि देश की सांस्कृतिक विविधता भी सामने आती है।”
पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने कहा : “जब आनंदीबेन जी शिक्षा मंत्री थीं, तब उनसे मुझे बहुत कुछ सीखने को मिला। ग्रामश्री और क्राफ्टरूट्स की शुरुआत वाकई में अद्भुत है। जिस तरह से कलाकारों को पूरे देशभर में मंच मिल रहा है, वह अतुलनीय है।” क्राफ्टरूट्स संस्था, जो कि देशभर के 22 राज्यों के 35,000 से अधिक कारीगरों से जुड़ी है, इस प्रदर्शनी के माध्यम से 70 से अधिक विशिष्ट शिल्पों को एक ही छत के नीचे ला रही है। पिचवाई पेंटिंग (राजस्थान), आंधुल पटचित्र (पश्चिम बंगाल), आलता शिल्प जैसी कला विधाएं यहां लाइव प्रदर्शन के साथ दर्शकों को आकर्षित कर रही हैं।
संस्था की संस्थापिका अनार पटेल ने कहा : “हमारा उद्देश्य भारतीय कारीगरों की कला को वैश्विक मंच देना है।” उन्होंने यह भी बताया कि संस्था से जुड़ने के बाद कई कारीगरों की आय में वृद्धि हुई है और उन्हें नई पहचान मिली है।
कलास्तंभ के निदेशक पुष्कर सोनी ने कहा : “आज के समय में कलाकारों को सिर्फ कलाकार नहीं, कंटेंट क्रिएटर भी बनना पड़ेगा। सोशल मीडिया के माध्यम से वे अपनी कला को दुनिया तक पहुँचा सकते हैं और एक विशिष्ट पहचान बना सकते हैं।”
अंत में क्राफ्टरूट्स के सीईओ अनिल छतवाल ने सभी अतिथियों, शिल्प प्रेमियों और कलाकारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, “यह आयोजन सिर्फ एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि कलाकारों की मेहनत और हमारी सांस्कृतिक विरासत का उत्सव है।” प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में इंदौर सहित अन्य शहरों से डिज़ाइनर्स, आर्ट लवर्स, क्रिएटिव इंडस्ट्री प्रोफेशनल्स और विद्यार्थियों की भागीदारी देखी जा रही है।
1810 views





