इंदौर में नि:शुल्क घुटना प्रत्यारोपण शिविर 8 जून को 108 मरीजों के घुटना प्रत्यारोपण का लक्ष्य

इंदौर में नि:शुल्क घुटना प्रत्यारोपण शिविर 8 जून को
108 मरीजों के घुटना प्रत्यारोपण का लक्ष्य, पंजीकरण प्रारंभ

जनसेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए स्वर्णिम फ़ाउंडेशन , श्री सांईबाबा मंदिर संस्थान और नीमा ट्रस्ट द्वारा 8 जून 2025, शनिवार को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक इंदौर स्थित यूनिक हॉस्पिटल (दशहरा मैदान के सामने) में नि:शुल्क घुटना प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

इस शिविर के माध्यम से उन जरूरतमंद मरीजों को राहत प्रदान की जाएगी, जो लंबे समय से घुटनों की बीमारी, जोड़ों के दर्द या चलने-फिरने में तकलीफ जैसी समस्याओं से पीड़ित हैं और महंगे ऑपरेशन का खर्च वहन करने में असमर्थ हैं।

इस आयोजन की जानकारी देते हुए स्वर्णिम फ़ाउंडेशन के संस्थापक श्री वीरेन्द्र कुमार जैन ने बताया कि शिविर के लिए अग्रिम पंजीकरण शुरू हो चुके हैं। इच्छुक मरीज टोल फ्री नंबर 1800-233-0239 पर संपर्क करके या संस्था के कार्यालय – 165 आरएनटी मार्ग, श्री साँईबाबा मंदिर संस्थान, छत्रीबाग, इंदौर पर पहुँचकर पंजीकरण करवा सकते हैं।

साँईबाबा संस्थान के अध्यक्ष श्री सुनील कुमार जैन और स्वर्णिम फ़ाउंडेशन के अध्यक्ष श्री विवेक शारदा जैन ने संयुक्त रूप से बताया कि इस शिविर में कुल 108 घुटना प्रत्यारोपण ऑपरेशनों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सभी ऑपरेशन जाने माने अस्थिरोग एवं जोड़ प्रत्यारोपण विशेषज्ञ डॉ. प्रमोद नीमा और उनकी चिकित्सकीय टीम द्वारा किए जाएंगे।

शिविर में आने वाले सभी मरीजों की पूर्व जांच, ऑपरेशन, दवाइयाँ और अस्पताल में रहने तथा भोजन की समुचित व्यवस्था पूर्णतः नि:शुल्क की जाएगी। यह सेवा समाज के उन वर्गों तक पहुँचाने का प्रयास है जिन्हें वास्तव में इसकी आवश्यकता है।

सभी नागरिकों से अनुरोध है कि इस सेवा का अधिक से अधिक प्रचार करें ताकि ज़रूरतमंद लोग इस अवसर का लाभ उठा सकें।

1206 views