महाकुंभ में तीन करोड़ श्रद्धालुओं ने किए रामलला के दर्शन, 20 करोड़ का दान अर्पित*
अयोध्या में महाकुंभ के 45 दिनों के दौरान तीन करोड़ श्रद्धालुओं ने रामलला के दर्शन किए और दिल खोलकर दान दिया। इस अवधि में रामलला को विभिन्न माध्यमों से 20 करोड़ रुपये का दान प्राप्त हुआ, जबकि जनवरी और फरवरी में कुल 26.89 करोड़ रुपये की निधि समर्पित की गई। महाकुंभ के दौरान रामलला को 57 लाख रुपये का विदेशी दान प्राप्त हुआ। अप्रैल 2023 से फरवरी 2025 तक कुल 10.43 करोड़ रुपये का विदेशी दान आ चुका है, जिसमें अमेरिका, इंग्लैंड, नेपाल, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा और मलेशिया के श्रद्धालु शामिल हैं। श्रद्धालुओं की भारी आमद से अयोध्या की अर्थव्यवस्था पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा, जिससे 2500 करोड़ रुपये का अनुमानित व्यापार हुआ। छोटे व्यवसायों को भी बड़ा लाभ मिला। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र का विस्तार तेजी से हो रहा है। नवंबर 2024 से फरवरी 2025 तक ट्रस्ट ने 15 स्थानों पर 36.61 करोड़ रुपये में 4.29 एकड़ जमीन खरीदी है। इसमें हैबतपुर और रानोपाली क्षेत्र में कई भूखंड शामिल हैं।






