अधिकारियों के दिल्ली दौरे पर सीएम योगी सख्त, बिना अनुमति नहीं होगा दौरा*
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बार-बार दिल्ली जाने वाले अधिकारियों पर नाराजगी जताई है। उन्होंने निर्देश दिया कि अब कोई भी अधिकारी सक्षम स्तर से अनुमति लेने के बाद ही प्रदेश से बाहर जाएगा। सोमवार को मंत्रियों के साथ विभागीय समीक्षा बैठक में सीएम ने कहा कि दिल्ली में किस बैठक में कौन अधिकारी जाएगा, इसकी पूरी रिपोर्ट उन्हें भी दी जाए। साथ ही, मंत्रियों को अपने प्रभार वाले जिलों में लगातार समीक्षा करने और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को 10 खरब तक पहुंचाने के लक्ष्य पर फोकस करने के निर्देश दिए। महाकुंभ की तैयारियों को लेकर भी मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों से जनता के बीच सरकार की व्यवस्थाओं की जानकारी देने और वीडियो दिखाने को कहा। उन्होंने जनता की समस्याओं को सुनने और समाधान सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।






