चैंपियंस ट्रॉफी सेमीफाइनल में भारत की कड़ी परीक्षा, ऑस्ट्रेलिया से होगी भिड़ंत

चैंपियंस ट्रॉफी सेमीफाइनल में भारत की कड़ी परीक्षा, ऑस्ट्रेलिया से होगी भिड़ंत*
चैंपियंस ट्रॉफी में अब तक अजेय रही भारतीय टीम आज सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उतरेगी। भारत के लिए यह मुकाबला चुनौतीपूर्ण होगा, क्योंकि आईसीसी टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसका रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है। 2023 वनडे विश्व कप फाइनल में भी ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराकर खिताब जीता था। भारत ने ग्रुप चरण के अपने तीनों मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। टीम ने पहले बांग्लादेश, फिर पाकिस्तान और अंत में न्यूजीलैंड को हराया। खास बात यह रही कि भारतीय बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। भले ही ऑस्ट्रेलिया के कुछ बड़े खिलाड़ी इस टूर्नामेंट में नहीं हैं, लेकिन टीम अब भी मजबूत नजर आ रही है। उसने ग्रुप स्टेज में इंग्लैंड के खिलाफ बड़ा लक्ष्य हासिल कर अपनी क्षमता साबित की। हालांकि, बारिश के कारण उसके दो मुकाबले रद्द हो गए थे। भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ चार स्पिनरों के साथ मैदान में उतरने का फैसला किया था, जो कारगर साबित हुआ। वरुण चक्रवर्ती ने पांच विकेट लिए थे, जबकि कुलदीप यादव, रवींद्र जडेजा और अक्षर पटेल ने शानदार गेंदबाजी की थी। सेमीफाइनल में भी इसी संयोजन के साथ उतरने की संभावना है। भारत के लिए सबसे बड़ी चुनौती ट्रेविस हेड को रोकना होगी। हेड का बल्ला भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ हमेशा चलता है, खासकर बड़े मुकाबलों में। 2023 विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल और वनडे विश्व कप फाइनल में उन्होंने भारत के खिलाफ अहम पारियां खेली थीं। भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, वरुण चक्रवर्ती, मोहम्मद शमी, कुलदीप यादव। ऑस्ट्रेलिया: जैक फ्रेजर मैकर्गक, ट्रेविस हेड, स्टीव स्मिथ (कप्तान), मार्नस लाबुशेन, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), एलेक्स कैरी, ग्लेन मैक्सवेल, सीन एबॉट, नाथन एलिस, एडम जैम्पा, स्पेंसर जॉनसन।

1742 views