नव वर्ष के पहले दिन भक्तों की भीड़ बना सकती है रिकॉर्ड, सभी होटल-गेस्ट हाउस हुए फुल*
नववर्ष 2025 की अगवानी रामलला के दर्शन-पूजन से होगी। नए साल के पहले दिन बुधवार को राम मंदिर में दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं के उमड़ने की संभावना है। नववर्ष की पूर्व संध्या पर मंगलवार को आस्था का नजारा रामनगरी में नजर आया। रामलला व हनुमंतलला के दरबार में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। रामपथ से लेकर भक्ति पथ तक पूरे दिन श्रद्धालुओं के जयघोष गूंजते रहे।रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद यह पहला नया साल है। इस मौके पर अयोध्या में भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। रामनगरी धार्मिक पर्यटन का हब बन चुकी है। इसका प्रमाण यह है कि पिछले 25 दिसंबर से ही रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या में रोजाना एक लाख से अधिक भक्त पहुंच रहे हैं। नए साल पर यह संख्या बढ़कर दो लाख तक पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है।






