दुनिया की कोई भी ताकत जाति गणना करने से नहीं रोक सकती’*
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने आरक्षण पर 50 प्रतिशत की सीमा को ‘कृत्रिम बाधा’ बताते हुए कहा कि दुनिया की कोई भी ताकत कांग्रेसनीत आइएनडीआइए गठबंधन को जाति आधारित गणना और आरक्षण कोटा पर मौजूदा रोक हटाने से नहीं रोक सकती। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस का वादा है कि हम आरक्षण पर 50 प्रतिशत की सीमा हटा देंगे और जाति आधारित गणना कराएंगे। महाराष्ट्र के कोल्हापुर में आयोजित संविधान सम्मान समारोह में उन्होंने कहा कि मैं जो कहता हूं, उसका मतलब है कि दुनिया की कोई भी ताकत हमें लोगों को उनका हक देने से नहीं रोक सकती। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हमें लोकसभा और राज्यसभा में आरक्षण पर 50 प्रतिशत की सीमा को हटाने से नहीं रोक सकते। राहुल ने कहा कि वह और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा कांग्रेस कार्यसमिति इसके लिए प्रतिबद्ध है। हम सही आंकड़े चाहते हैं। कितने दलित, ओबीसी, आदिवासीमहिलाएं, अल्पसंख्यक और सामान्य जाति के लोग हैं। उन्होंने भाजपा एवं आरएसएस को घेरते हुए कहा कि भाजपा जाति आधारित सर्वेक्षण नहीं चाहती। आरएसएस इसके खिलाफ है। जैसे ही मैं जाति आधारित गणना की बात करता हूं, भाजपा वाले कहते हैं कि ऐसा नहीं होना चाहिए। भाजपा के लोग नहीं चाहते कि जनता को सच्चाई पता चले।






