दुनिया के 90 देशों को सैन्य उत्पाद निर्यात कर रहे हम’, मेक इन इंडिया की सफलता पर बोले राजनाथ सिंह*
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को कहा कि भारत का रक्षा उत्पादन वित्तीय वर्ष 2023-24 में 1.27 लाख करोड़ रुपये के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया है। अब भारत 90 से अधिक मित्र देशों को हथियारों और सैन्य उपकरणों का निर्यात कर रहा है। भारतीय सशस्त्र बल अब भारत में बने हथियारों का उपयोग कर रहे हैं और देश वैश्विक रक्षा औद्योगिक परिदृश्य में तेजी से उभर रहा है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एनडीए सरकार के ‘मेक इन इंडिया’ कार्यक्रम की 10वीं वर्षगांठ पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा एक पोस्ट में ये बात लिखी। रक्षा मंत्रालय ने अगले पांच वर्षों में रक्षा विनिर्माण में 25 अरब अमेरिकी डॉलर (1.75 लाख करोड़ रुपये) का कारोबार करने का लक्ष्य रखा है। मई 2020 में, सरकार ने स्वचालित मार्ग के तहत रक्षा क्षेत्र में एफडीआई सीमा को 49 प्रतिशत से बढ़ाकर 74 प्रतिशत करने की घोषणा की। सरकार विशिष्ट मामलों के लिए 100 प्रतिशत एफडीआई की अनुमति देती है।






