राहुल गांधी का भाजपा पर हमला, कहा- मेरे बयान को लेकर फैला रहे झूठ*
हाल ही में अमेरिका दौरे पर गए कांग्रेस नेता राहुल गांधी सिखों पर दिए गए अपने बयान के कारण भाजपा के निशाने पर रहे हैं। वहीं अब राहुल गांधी ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा उनके बयानों को लेकर झूठ फैला रही है। लोकसभा में नेता विपक्ष ने माइक्रोब्लॉगिंग साइट एक्स पर एक पोस्ट में भाजपा पर हमला बोला है। राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में लिखा- भाजपा अमेरिका में मेरी टिप्पणियों के बारे में झूठ फैला रही है। मैं भारत और विदेश में रहने वाले हर सिख भाई-बहन से पूछना चाहता हूं – क्या मैंने जो कहा है उसमें कुछ गलत है? क्या भारत ऐसा देश नहीं होना चाहिए जहां हर सिख – और हर भारतीय – बिना किसी डर के अपने धर्म का पालन कर सके? राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में आगे लिखा- हमेशा की तरह, भाजपा झूठ का सहारा ले रही है। वे मुझे चुप कराने के लिए बेताब हैं क्योंकि वे सच्चाई बर्दाश्त नहीं कर सकते। लेकिन मैं हमेशा उन मूल्यों के लिए बोलूंगा जो भारत को परिभाषित करते हैं: विविधता में हमारी एकता, समानता और प्रेम।






