कांग्रेस की विचारधारा महाराष्ट्र के DNA में, देश में इसी का युद्ध चल रहा’; राहुल ने भाजपा को घेरा*
महाराष्ट्र में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले जनसभाओं और रैलियों का दौर तेज है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दो रैलियों के बाद आज कांग्रेस नेता राहुल गांधी राज्य के सांगली में एक सार्वजनिक रैली में पहुंचे। यहां उन्होंने जाति जनगणना पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मैं लोकसभा में पहले ही कह चुका हूं कि सत्ता में आने पर कांग्रेस, INDIA गठबंधन ही जाति जनगणना कराएगा। क्योंकि हम देश की सच्चाई समझना चाहते हैं कि इस देश के धन का फायदा किस वर्ग को हो रहा है? आगे बोलते हुए उन्होंने भाजपा पर जमकर आरोप लगाए। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा महाराष्ट्र के डीएनए में है और लड़ाई विचारधारा की है जो आप हिंदुस्तान में देख रहे हैं ये केवल राजनीति नहीं है। पहले राजनीति चलती है आज हिंदुस्तान में विचारधाराओं का युद्ध चल रहा है। एक ओर कांग्रेस पार्टी और दूसरी तरफ भाजपा। हम सामाजिक विकास चाहते हैं, हम सबको जोड़कर साथ आगे बढ़ना चाहते हैं और वो लोग चाहते हैं कि चुने हुए लोगों को ही फायदा मिले… इसी बात की लड़ाई हमारे बीच में है और आपको ये पूरे देश में दिखेगा।






