150 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास करेंगे सीएम

150 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास करेंगे सीएम*
खैर विधानसभा सीट पर उपचुनाव से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जिले में 150 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। वह लाभार्थियों में योजनाओं के वितरण के साथ जिले में किसी बड़े प्रोजेक्ट की घोषणा भी कर सकते हैं। इस संबंध में अधिकारिक कार्यक्रम कल तक आएगा। खैर से विधायक अनूप प्रधान के हाथरस सांसद निर्वाचित होने के बाद यह सीट खाली है। चुनाव की तैयारियों से पहले प्रदेश के मुख्यमंत्री का जिले में दौरा प्रस्तावित है। यह शासकीय कार्यक्रम होगा। माना जा रहा है कि वे खैर तहसील को लेकर किसी बड़े प्रोजेक्ट की घोषणा कर सकते हैं। इसके अलावा डिफेंस कॉरिडोर व निर्माणाधीन राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय का निरीक्षण व उनसे जुड़े प्रोजेक्टों का पूजन आदि भी कर सकते हैं। संकेत हैं कि आरएमपीएसयू का जितना भवन बनकर तैयार हो गया है, उसका लोकार्पण भी कर सकते हैं। सीएम से मिलकर नेताओं ने रखे जिले के विकास के मुद्दे : जिले के भाजपा नेताओं ने मंगलवार को मुख्यमंत्री से लखनऊ में मुलाकात की। सदस्यता अभियान संबंधी कार्यशाला से पहले नेताओं ने जिले के विकास के मुद्दे रखे। इस दौरान शहीद सचिन लौर के गांव में उनके नाम से योजना, खैर क्षेत्र में कुछ कामकाज, साथा चीनी मिल निर्माण, अग्निवीर आंदोलन के दौरान हुए मुकदमा, गोंडा रोड, रामघाट रोड का चौड़ीकरण व निर्माण, शहर में स्मार्ट सिटी के कामकाज धरातल पर न दिखने का मुद्दा, जलभराव की समस्या आदि चर्चा हुई। इस पर मुख्यमंत्री स्तर से सभी विषयों पर भरोसा दिलाया गया। यह भी कहा कि बहुत जल्द साथा चीनी मिल के नवनिर्माण की आधारशिला रखी जाएगी। मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह, मेयर प्रशांत सिंघल, सांसद सतीश गौतम, हाथरस सांसद अनूप प्रधान, जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह लाला, एमएलसी मानवेंद्र प्रताप सिंह, विधायक राजकुमार सहयोगी आदि थे।

1809 views