नीट-यूजी मामले में 8 को सुप्रीम सुनवाई

नीट-यूजी मामले में 8 को सुप्रीम सुनवाई*
नई दिल्ली। विवादों से घिरे नीट यूजी से संबंधित याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट आठ जुलाई को सुनवाई करेगा। इसमें पांच मई को आयोजित परीक्षा में अनियमितताओं का आरोप लगाने वाली याचिकाएं शामिल हैं। याचिका में इस परीक्षा को नए सिरे से कराने का निर्देश देने की मांग की गई है। सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट पर अपलोड की गई आठ जुलाई की वाद सूची के अनुसार मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़, न्यायमूर्ति जे बी पारदीवाला और न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा की पीठ 26 याचिकाओं पर सुनवाई करेगी। दरअसल राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) देश भर के सरकारी और निजी संस्थानों में एमबीबीएस, बीडीएस, आयुष और अन्य संबंधित पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) की ओर से आयोजित की जाती है। नीट- यूजी-2024 पांच मई को 4,750 केंद्रों पर आयोजित किया गया था। इसमें लगभग 24 लाख उम्मीदवार शामिल हुए थे।

1608 views